वनकर्मियों ने वन तस्कर को पकड़ा, लकड़ी जब्त
बगहा। वीटीआर के चिउटाहां वन क्षेत्र के जीमरी वन परिसर से कक्ष संख्या-40 में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर एक वन तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बगहा। वीटीआर के चिउटाहां वन क्षेत्र के जीमरी वन परिसर से कक्ष संख्या-40 में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर एक वन तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेंजर महेश प्रसाद ने बताया कि बुधवार की देर शाम मुकेश उरांव नामक वन तस्कर दो अन्य सहयोगियों के साथ साल का हरा पेड़ काट कर उसका गुल्ली बना रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर वनकर्मियों के साथ छापामारी की गई। घटनास्थल पर तीन लोग पेड़ को काटकर उसका गुल्ली बना रहे थे। वनकर्मियों के आने की धमक पर चोर पहले सतर्क हो गए और भागने की तैयारी करने लगे। वनकर्मियों ने खदेड़कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया। दो तस्कर भागने में सफल हो गए। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सख्वाटी गांव के मैनेजर उरांव का पुत्र मुकेश उरांव के रुप में की गई है। चार गुल्ली के साथ मुकेश को पकड़ लिया गया है लेकिन उसके दो सहयोगी अमरेश उरांव व चंदन उरांव भागने में सफल हो गए। गश्ती दल में वनपाल विजय प्रसाद के साथ अन्य वनकर्मी भी शामिल थे। पकड़े गए वन तस्कर को कागजी प्रक्रिया पुरी कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है साथ ही इसकी निशानदेही पर अन्य की भी तलाश की जा रही है। रेंजर श्री प्रसाद ने बताया कि त्यौहार समाप्ति पर चोरों की सक्रियता बढ़ने की आशंका के मद्देनजर पहले से ही चौकसी बढ़ा दी गई है।