सड़क पर 4 फीट पानी, प्रसूता को खाट पर अस्पताल पहुंचाने की मजबूरी, पश्चिम चंपारण में तेजी से बिगड़ रहे हालात
Bihar Flood News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में तीन दिनों की भारी बारिश से पंडई नदी उफान पर है, जिससे ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। Paschim Champaran Flood: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी है।
उफनाई पंडई नदी का पानी सड़कों पर आ गया है, जिससे स्वाधीनता सेनानी पं. राजकुमार शुक्ल की कर्मभूमि मुरली भरहवा गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया है। गांव की मुख्य सड़क पर करीब चार फीट तक पानी बह रहा है, जिससे गाड़ियों का आना-जाना ठप हो गया है।
खाट पर प्रसूता
रविवार को मुरली भरहवा गांव के वार्ड आठ निवासी विशाल शुक्ल की गर्भवती पत्नी गंगाजल देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
मुख्य सड़क पर चार फीट पानी होने के कारण कोई भी वाहन चालक गांव के भीतर जाने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए महिला को खाट पर लिटाया और पानी के बीच से मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहाँ से ऑटो द्वारा अस्पताल भेजा गया।
आवागमन पूरी तरह प्रभावित
बारिश और बाढ़ के कारण गांव में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण बेहद चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय गांव से बाहर निकलना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता।
अर्जुन यादव, प्रमोद यादव और अरुण कुमार महतो ने बताया कि लंबे समय से सड़क और जल निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है।
योजनाओं के बाद बदहाली
ग्रामीणों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि सरकारी दावों और योजनाओं के बावजूद गांव की सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
हल्की बारिश में भी गांव का संपर्क टूट जाता है। वर्तमान में मुख्य सड़क पर जलभराव के चलते लोगों का सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
