पश्चिम चंपारण में ससुराल से लापता विवाहिता का झाड़ी में मिला शव, दहेज हत्या में सात नामजद
पूर्वी चंपारण के मझौलिया में लापता 25 वर्षीय विवाहिता पूजा कुमारी का शव झाड़ी से बरामद हुआ है। पिता ने ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पूर्वी चंपारण में लापता विवाहिता पूजा कुमारी का शव बरामद।
पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया।
मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मझौलिया (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के बहुअरवा चैनपुर वार्ड नंबर-5 से गुरुवार को लापता हुई 25 वर्षीय विवाहिता पूजा कुमारी का शव शुक्रवार को डुमरी पंचायत स्थित जीन बाबा मंदिर के समीप झाड़ी से बरामद किया गया।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव को दूसरे पंचायत में फेंकने का आरोप लगाया है। मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है ।
पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चम्पापुर वार्ड नंबर-11 निवासी पूजा के पिता रामकिशुन महतो ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि करीब छह वर्ष पहले उनकी बेटी की शादी बहुअरवा चैनपुर निवासी रीठा महतो के 27 वर्षीय पुत्र मंतोष महतो से हुई थी ।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सोने की चेन और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करते थे।पिता के अनुसार, गुरुवार को बेटी के मोबाइल पर फोन किया तो वह बंद मिला।
अनहोनी की आशंका में वह उसके ससुराल पहुंचे, लेकिन पूजा वहां नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मझौलिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की। शुक्रवार को डुमरी पंचायत के जीन बाबा मंदिर के समीप झाड़ी से पूजा का शव बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
- गुरुवार से लापता थी 25 वर्षीय पूजा कुमारी, शुक्रवार को मिला शव
- पिता ने ससुराल पक्ष के सात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
- एफएसएल जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेजा गया
