विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में ट्रेन में चढ़ने से रह गया दिव्यांग, फिर सप्तक्रांति एक्सप्रेस के सामने खड़ा होकर सबको चौंकाया

Published: Fri, 11 Sep 2026 05:56 PM (IST)

बेतिया रेलवे स्टेशन पर सप्तक्रांति एक्सप्रेस में भीड़ के कारण एक दिव्यांग यात्री चढ़ नहीं पाया। विरोध में वह ट्रेन ...और पढ़ें

बेतिया स्टेशन पर खड़ी ट्रेन।

बेतिया स्टेशन पर खड़ी ट्रेन।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। सप्तक्रांति एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक दिव्यांग यात्री भीड़ के कारण बोगी में नहीं चढ़ सका। इससे नाराज होकर उसने ऐसा कदम उठा लिया, जिसे देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के होश उड़ गए।

यात्री ट्रेन के इंजन के आगे रेलवे ट्रैक पर जाकर खड़ा हो गया। अचानक ट्रैक पर व्यक्ति को देखकर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

इंजन के सामने खड़ा होकर जताया विरोध

घटना शुक्रवार को बेतिया रेलवे स्टेशन की है। बताया जाता है कि 12557 सप्तक्रांति एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में भीड़ अधिक थी। दिव्यांग यात्री काफी प्रयास के बाद भी बोगी में नहीं चढ़ सका। इससे नाराज होकर वह आगे की ओर चला गया और ट्रेन के इंजन के सामने ट्रैक पर खड़ा हो गया। उसका उद्देश्य ट्रेन को रोककर अपनी नाराजगी जताना था।

चालक ने समय रहते रोक दी ट्रेन

ट्रैक पर व्यक्ति को खड़ा देखते ही चालक ने तत्काल ब्रेक लगा दिया। ट्रेन रुकते ही चालक ने पूरे घटनाक्रम की सूचना स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव को दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची।

रेलवे कर्मियों ने सुरक्षित चढ़ाया

पुलिसकर्मियों और रेलवे कर्मियों ने समझाकर दिव्यांग यात्री को ट्रैक से हटाया। इसके बाद उसे सुरक्षित ट्रेन की दिव्यांग बोगी में चढ़ाया गया। आरपीएफ और जीआरपी के अनुसार, भीड़ के कारण बोगी में चढ़ने में असफल होने के बाद यात्री ने इस तरह विरोध जताया था।

पांच मिनट तक रुकी रही सप्तक्रांति

घटना के कारण बेतिया रेलवे स्टेशन पर सप्तक्रांति एक्सप्रेस करीब पांच मिनट तक खड़ी रही। दिव्यांग यात्री को ट्रेन में चढ़ाने और आवश्यक जांच पूरी करने के बाद परिचालन सामान्य कराया गया। इस दौरान स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही। चालक की तत्परता से ट्रेन की चपेट में आने जैसी गंभीर घटना टल गई।