जिला शिक्षा पदाधिकारी व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालयों का किया निरीक्षण
बगहा। बगहा दो प्रखंड के चम्पापुर गोनौली पंचायत में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभाग में बैचेनी बढ़ गई है।
बगहा। बगहा दो प्रखंड के चम्पापुर गोनौली पंचायत में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभाग में बैचेनी बढ़ गई है। मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी हरेंद्र झा ने करीब आधा दर्जन विद्यालयों को औचक निरीक्षण किया। जिसमें मध्य विद्यालय धंगड़हिया, प्राथमिक विद्यालय नरैनापुर टोला सिकटिया आदि शामिल है। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, नरैनापुर टोला सिकटिया का जायजा लिया। जहां एक से लेकर पांच तक की उपस्थिति पंजी, शिक्षक उपस्थिति पंजी देखी। सभी कागज को अपडेट पाया गया।
मौके पर पोशाक, छात्रवृत्ति आदि की भी जांच की गई। शिक्षा पदाधिकारी विद्यालय में शांति व्यवस्था व अध्ययन से काफी प्रसन्न थे। वहीं दूसरी ओर बगहा दो बीईओ फणीशचंद्र पाठक ने भी क्षेत्र के कई विद्यालयों का जायजा लिया। जहां उन्होंने बगहा दो के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोनौली का जायजा लिया। बताते चलें कि जिला परिषद सदस्य के द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी के पास शिकायत पत्र दिया गया है। जिसमें बताया गया है कि विद्यालय में समग्र शिक्षा द्वारा उपलब्ध कराई गई कम्पोजिट ग्रांट की राशि का गबन किया गया है, जो कि वित्तीय अनियमितता को दर्शाता है। विद्यालय में उक्त राशि से मरम्मत का कार्य न कराकर आपस मे बंदरबांट कर लिया गया। इस संबंध में शिक्षा विभाग के द्वारा जांच की जा रही है। बीईओ श्री पाठक ने बताया कि राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गोनौली में वित्तीय अनियमितता संबंधित जांच हेतु जिला से चिट्ठी प्राप्त हुई है। इस संबंध में जांच की गई है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश राम से संबंधित जानकारी ली गई है, जिसे वरीय अधिकारियों को भेजा जाएगा। विद्यालय में साफ सफाई को लेकर दिशा निर्देश दिया गया है।