किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा मिल प्रबंधन
बगहा के पकड़ी देवराज में राजद तकनीकी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न हुई।
पश्चिम चंपारण। बगहा के पकड़ी देवराज में राजद तकनीकी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। श्री हुसैन ने कहा कि हरिनगर सुगर मिल के द्वारा किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। किसानों को गन्ना आपूर्ति के लिए चालान नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण किसान औने-पौने मूल्य पर क्रासरों में गन्ना बेच रहे। कई किसान पांच से सात प्रतिशत ब्याज पर अपना गन्ना दूसरे के नाम पर मिल को आपूर्ति के लिए विवश हो रहे हैं। सभी ग्रामीणों ने मिल के सौतेले व्यवहार पर नाराजगी जताई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजद के संगठन एवं पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। पार्टी के विचारधारा को जन -जन तक पहुंचाने का संकल्प कार्यकर्ताओं ने लिया। बैठक में वहिउजम्मा, राजीव साहनी, खालिद इकबाल, मृत्युंजय मिश्र, शंभू चौधरी, नन्हें तिवारी आदि शामिल थे।