धनतेरस पर होगा दीपदान, शिरकत करेंगे राज्यसभा सांसद
बगहा। नैतिक जागरण मंच वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में धनतेरस के दिन दीपदान कार्यक्रम का आयोजन होगा।
बगहा। नैतिक जागरण मंच वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में धनतेरस के दिन दीपदान कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम की तैयारी जोरशोर से चल रही है। बुधवार को सन फ्लावर चिल्ड्रेन एकेडमी विद्यालय परिसर में ट्रस्ट सदस्यों की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे ट्रस्ट अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि ट्रस्ट प्रत्येक वर्ष धनतेरस के दिन इस कार्यक्रम का आयोजन करता है। शास्त्रों के अनुसार दीपदान करने से किसी भी व्यक्ति की अकाल मृत्यु नहीं होती है। इसके कई अन्य फायदें भी हैं। आगामी 25 अक्टूबर को धनतेरस के उपलक्ष्य में नगर के वार्ड संख्या 02 अवस्थित कालीघाट में नारायणी नदी के तट पर दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सतीशचंद्र दूबे भी शिरकत करेंगे। सचिव निप्पू कुमार पाठक ने बताया कि दीपदान कार्यक्रम संध्या 04 बजे शुरू होगा। इसके उपरात मंदिर परिसर में हरिशंकरी के पौधे लगाए जाएंगे। तदुपरांत ब्रह्म स्थान परिसर में भी पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हरियाली फैलाने वाली नदियों की निर्मलता को बनाए रखने के लिए लोगों को संकल्पित करना है। दीपदान के साथ लोग नदियों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प भी लेंगे। बैठक में शामिल सभी सदस्यों को अलग अलग जवाबदेही सौंपी गई। इस मौके पर अधिवक्ता अरविद कुमार सिंह, पारसनाथ जायसवाल, नंदलाल जायसवाल, रघुवंशमणि पाठक, दीपक कुमार, मनोज ठाकुर समेत कई अन्य मौजूद थे।