पश्चिम चंपारण : नेपाल से दूसरे राज्यों तक बदलता रहा ठिकाना, साधु बनकर छिपे दस्यु के शागिर्द को पुलिस ने पकड़ा
पश्चिम चंपारण में कुख्यात दस्यु सरगना प्रमोद चौधरी का शागिर्द सुरेंद्र ठाकुर, जो साधु के वेश में छिपा था, आखिरकार ...और पढ़ें

धराया डकैत सुरेंद्र ठाकुर। सौ. पुलिस
HighLights
दस्यु सरगना प्रमोद चौधरी का शागिर्द सुरेंद्र ठाकुर गिरफ्तार।
साधु वेश में छिपा दस्यु सुरेंद्र ठाकुर पुलिस के हत्थे चढ़ा।
अपहरण, लूट और डकैती के कई मामलों में था वांछित।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। चंपारण में दस्युओं के आतंक का दौर भले ही बीत गया हो, लेकिन उस दौर के कई कुख्यात चेहरों की तलाश अब भी जारी है।
पुलिस से बचने के लिए वर्षों से कभी नेपाल तो कभी दूसरे राज्यों में साधु का वेश धारण कर छिपता रहा दस्यु सरगना का शागिर्द आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शिकारपुर पुलिस ने मंगलवार को सूचना के आधार पर चमुआ चौक से उसे गिरफ्तार कर लिया।
दस्यु सरगना का रहा शागिर्द
गिरफ्तार आरोपित की पहचान लंगड़ा गांव निवासी सुरेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह चंपारण में दस्युओं के आतंक के दौर में कुख्यात दस्यु सरगना प्रमोद चौधरी समेत अन्य दस्युओं का शागिर्द रहा था। बलथर थाना क्षेत्र में हुई डकैती की दो घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।
अपहरण, लूट और डकैती में था वांछित
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सुरेंद्र ठाकुर कई थानों में अपहरण, लूट और डकैती के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के साथ कुर्की का आदेश भी निर्गत था।
साधु का भेष बना पुलिस को दिया चकमा
पुलिस को सूचना मिली कि सुरेंद्र चमुआ चौक पर साधु के वेश में मौजूद है। इसके बाद एसआइ राजेश कुमार व संजीव कुमार के साथ पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचते ही उसने अपनी पहचान छिपाने और टीम को बरगलाने का प्रयास किया। सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपनी पहचान सुरेंद्र ठाकुर के रूप में स्वीकार की।
न्यायालय में पेश करने की तैयारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर उसके पुराने मामलों और फरारी के दौरान ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है।
