पश्चिम चंपारण में सीएसपी संचालक के घर पुलिस की छापेमारी, नोट गिनने वाली दो मशीनें मिलीं
बेतिया के मिर्जा टोली में एक सीएसपी संचालक के घर संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी ...और पढ़ें

सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि संदिग्ध गतिविधि की गुप्त सूचना पर जांच की गई।
HighLights
बेतिया में सीएसपी संचालक के घर पुलिस ने की छापेमारी।
संदिग्ध गतिविधि की गुप्त सूचना पर हुई यह कार्रवाई।
पुलिस को घर से नोट गिनने वाली दो मशीनें मिलीं।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran CSP Operator: बेतिया में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस ने शनिवार की शाम कालीबाग थाना क्षेत्र के मिर्जा टोली स्थित एक सीएसपी संचालक के घर छापेमारी की।
सदर एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में नगर, कालीबाग थाना और क्विक एक्शन टीम (क्यूआरटी) के जवानों ने घर की जांच की। इस दौरान पुलिस को नोट गिनने वाली दो मशीनें मिलीं।
देर रात नोट गिनने की सूचना
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-727 स्थित मिर्जा टोली में सीएसपी संचालक के घर पर देर रात तक मशीन से रुपये गिने जाते हैं। साथ ही, वहां कुछ संदिग्ध गतिविधि होने की आशंका जताई गई थी।
सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच के लिए पहुंची।
देर शाम बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को देखकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग एक-दूसरे से छापेमारी के कारण की जानकारी लेते नजर आए। जांच के दौरान पुलिस को घर से नोट गिनने वाली दो मशीनें मिलीं।
तीन बैंकों का सीएसपी
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि भरत भूषण सीएसपी संचालक हैं। वह पंजाब नेशनल बैंक समेत तीन बैंकों का सीएसपी चलाते हैं। उनके यहां ग्राहकों से प्राप्त कलेक्शन की राशि की गिनती की जाती है।
जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि संदिग्ध गतिविधि की गुप्त सूचना पर जांच की गई थी। सीएसपी में ग्राहकों से मिलने वाली राशि का कलेक्शन किया जाता है और उसकी गिनती के बाद रुपये बैंक में जमा कराए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वहां किसी प्रकार की अनियमितता या अन्य संदिग्ध गतिविधि होती है या नहीं।
छापेमारी में एसडीपीओ के अलावा नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार, कालीबाग थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और क्विक एक्शन टीम के जवान शामिल थे।
