विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के किसानों के खेत चीन-बांग्लादेश में! फसल सर्वे एप की लोकेशन देख चौंके अधिकारी

Published: Sat, 10 Oct 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

पश्चिम चंपारण के बगहा-दो में फसल सर्वे के दौरान किसान सलाहकारों के मोबाइल ऐप में खेतों की लोकेशन चीन, बांग्लादेश ...और पढ़ें

प्रखंड कृषि कार्यालय, बगहा दो । जागरण

प्रखंड कृषि कार्यालय, बगहा दो । जागरण

HighLights

  1. बगहा-दो में फसल सर्वे ऐप दिखा रहा गलत लोकेशन।

  2. खेतों की लोकेशन चीन, बांग्लादेश, नेपाल में प्रदर्शित हो रही।

  3. तकनीकी खामी से सर्वेक्षण कार्य बाधित, सुधार की मांग।

विवेक दुबे, बगहा (पश्चिम चंपारण)। खेत बिहार में हैं, लेकिन मोबाइल एप उनकी लोकेशन चीन और बांग्लादेश में दिखा रहा है। सुनने में भले ही यह अजीब लगे, लेकिन पश्चिम चंपारण के बगहा-दो प्रखंड में फसल सर्वे के दौरान ऐसा ही गजब देखने को मिल रहा है।

खेतों में फसल की स्थिति जानने निकले किसान सलाहकार एप की लोकेशन देखकर हैरान हैं। किसी को नेपाल तो किसी को चीन और बांग्लादेश का रास्ता दिख रहा है।

मैप के माध्यम से फसलों का कराया जा रहा सर्वेक्षण

बगहा-दो प्रखंड क्षेत्र में मैप के माध्यम से फसलों का सर्वेक्षण कराया जा रहा। इसके लिए विभाग की ओर से किसान सलाहकारों के मोबाइल में विशेष एप इंस्टाल कराया गया है।

एप में तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलत लोकेशन दिख रहा। कई बार उन्हें सर्वे स्थल से कई किमी दूर की लोकेशन दिख रही है, जिसका बगहा से कोई जुड़ाव नहीं है।

कई बार लोकेशन नेपाल की ओर बताती है। किसान सलाहकारों के अनुसार, मौके पर जाकर सर्वे करने पर एप में दूसरे गांव का डाटा आ रहा है, जो उनके कार्यक्षेत्र से काफी दूर है। इससे असमंजस है कि विभाग के दिए डाटा के आधार पर सर्वे कैसे पूरा करें।

किसान सलाहकारों का कहना है कि जब वे एप के माध्यम से स्थल पर पहुंचकर संबंधित खेत और फसल का सर्वेक्षण करने का प्रयास कर रहे हैं, तो कई कर्मियों के मोबाइल में गलत गांव का डेटा प्रदर्शित हो रहा है। संबंधित गांव उनके कार्यक्षेत्र से काफी दूर होने के कारण वहां पहुंचकर सर्वेक्षण करना संभव नहीं हो पा रहा है।

कुछ किसान सलाहकारों के मोबाइल में लोकेशन उन्हें बांग्लादेश की ओर भेज रहा है, जबकि किसी को चीन तो किसी को नेपाल का लोकेशन दिखाया जा रहा है। ऐसे में किसान सलाहकार यह समझ नहीं पा रहे हैं कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए डेटा के आधार पर सर्वेक्षण कार्य किस प्रकार पूरा किया जाए।

गलत डेटा से विभागीय कार्य भी प्रभावित

किसान सलाहकारों का कहना है कि एप में गलत लोकेशन और गलत गांव का डेटा आने से न केवल उन्हें परेशानी हो रही है, बल्कि विभाग के महत्वपूर्ण फसल सर्वेक्षण कार्य पर भी इसका असर पड़ रहा है।

यदि तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलत स्थान पर सर्वेक्षण की जानकारी अपलोड होती है, तो इससे विभागीय रिकार्ड में भी गलत आंकड़े दर्ज होने की आशंका है।

किसान सलाहकारों ने विभाग से मांग की है कि एप में आ रही तकनीकी समस्या और गलत लोकेशन की जल्द जांच कर उसे दुरुस्त कराया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा में फसल सर्वेक्षण का कार्य सही तरीके से पूरा किया जा सके।

तकनीकी खामी दूर करने की मांग

किसान सलाहकारों का कहना है कि विभागीय स्तर पर तकनीकी टीम द्वारा एप और मैपिंग डेटा की जांच कर वास्तविक गांव एवं खेत का सही लोकेशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक सर्वेक्षण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न होने की संभावना बनी हुई है।

एप की समस्या के बारे में विभाग को लिखा गया है। मैप में गड़बड़ी के कारण श्रीलंका तो कभी अन्य जगह का डाटा दिख रहा है, बगहा दो में लगभग दस गांव की रिपोर्ट आई है। इस संबंध में विभाग को जानकारी दी जा रही है।
अभिषेक कुमार, बीएओ, बगहा दो