राशन कार्ड के लिए उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
सिकटा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए राशन कार्ड के उपभोक्ताओं का आक्रोश तब और बढ़ गया, जब शुक्रवार को भी उन्हें राशन कार्ड नहीं मिला।
बेतिया। सिकटा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए राशन कार्ड के उपभोक्ताओं का आक्रोश तब और बढ़ गया, जब शुक्रवार को भी उन्हें राशन कार्ड नहीं मिला। अंतत: प्रखंड कार्यालय पर आक्रोशित होकर दर्जनों महिला व पुरुषों ने प्रदर्शन किए। आक्रोशितों ने इस बावत एक संयुक्त आवेदन बीडीओ को देकर राशन कार्ड वितरण करने की मांग की। आक्रोशित महिला व पुरूषों ने कहा कि पीएचएच राशन कार्ड के लिए प्रखंड मुख्यालय स्थित आपूर्ति विभाग के कार्यालय में एक महीने से दौड़ लगा रहे है। लेकिन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लगातार अनुपस्थित मिलते है। वहीं, कोई कर्मी भी इस संदर्भ में ठोस जानकारी नहीं दे पाता है। राशन कार्ड से वंचित सरगटिया पंचायत के जगन्नाथ मुखिया, जगन्नाथपुर के बैरिष्टर गिरी, ललिता देवी, सरोज पंडित, बलथर पंचायत के हजरत अंसारी, मींता देवी, रबेया खातुन, सकीना खातुन, गुना खातुन, सरस्वती देवी, अकूब अंसारी, सुनैना देवी, फूलजहां खातुन, शिकारी राम, परसौनी के लतीफन खातुन, अफरीना खातुन, जमीला खातुन आदि ने बीडीओ को दिए आवेदन में कहा है कि हमलोगों को हर शुक्रवार को राशन कार्ड मिलने की जानकारी दी गई थी। जिसे लेकर एक महीने से प्रत्येक शुक्रवार को हमलोग प्रखंड कार्यालय आते हैं। यहां आने पर न तो कार्ड के बारे में कोई बताता है, और न हीं कार्यालय समय से खुलता है। इसके पदाधिकारी भी मौजूद नहीं रहते हैं। आक्रोशितों ने परेशानी से छुटकारा दिलाते हुए कार्ड वितरण करने की मांग किया है। इस बावत बीडीओ मिथलेश कुमार ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई के लिए आवेदन नरकटियागंज एसडीएम को भेजा जाएगा।