हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश आज आएंगे नरकटियागंज
बेतिया। नरकटियागंज में कोर्ट बनाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। शनिवार को अंचल प्रशासन की ओर से मुरलीडीह में एक बार फिर पैमाइश की गई।
बेतिया। नरकटियागंज में कोर्ट बनाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। शनिवार को अंचल प्रशासन की ओर से मुरलीडीह में एक बार फिर पैमाइश की गई। पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर भी अब यह चर्चा जोरों पर उठने लगी है। सूत्रों की मानें तो मुरलीडीह में ही कोर्ट बनेगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। अंचल की ओर से भू अर्जन विभाग को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। शनिवार को भू अर्जन के जिला से पहुंचे अमीन ने भी भूमि की पैमाइश की है। अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार दत्त ने बताया कि मुरलीडीह में कोर्ट के लिए भूमि का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। भू अर्जन विभाग की ओर से अमीन द्वारा भूमि की पैमाइश की गई है। इधर, व्यवहार न्यायालय के अवर न्यायाधीश एसडी भारती ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश का आगमन है। कोर्ट के लिए भूमि आवंटित करने की बात पर चर्चा हो सकती है। बता दें कि पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अमरेश्वर प्रताप शाही रविवार को नरकटियागंज व्यवहार न्यायालय भवन का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ पश्चिम चंपारण न्याय मंडल के निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह भी रहेंगे। इसकी जानकारी शनिवार को नरकटियागंज व्यवहार न्यायालय के अवर न्यायाधीश एसडी भारती ने दी है। अवर न्यायाधीश ने यह भी बताया कि मुख्य न्यायाधीश नरकटियागंज में कोर्ट के लिए भूमि के आवंटन पर भी चर्चा करेंगे।