बिहार में TRE-4 में पीटी क्वालीफाइंग, मेन्स के नंबर से बनेगी मेरिट लिस्ट, पश्चिम चंपारण में 3218 पद
Bpsc Tre 4 Exam: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) को अब प्रारंभिक और ...और पढ़ें

प्रारंभिक परीक्षा के पाठ्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने आयोग को नया प्रस्ताव भेजा है। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bihar Teacher Recruitment: छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) की तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस बार शिक्षक भर्ती परीक्षा की पूरी चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। आयोग पहली बार शिक्षक भर्ती परीक्षा को प्रारंभिक परीक्षा (PT) और मुख्य परीक्षा (Mains) के रूप में दो अलग-अलग चरणों में आयोजित करने जा रहा है।
क्वालीफाइंग होगी प्रारंभिक परीक्षा
नए प्रारूप के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा केवल क्वालीफाइंग प्रकृति की होगी। पीटी में सफल होने वाले अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। चयन के लिए अंतिम मेधा सूची मुख्य परीक्षा में प्राप्त कुल अंकों के आधार पर ही तैयार की जाएगी।
32 हजार पदों पर बहाली
टीआरई-4 के तहत पूरे राज्य में लगभग 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति प्रस्तावित है। इसमें पश्चिम चंपारण जिले के लिए निर्धारित 3,218 पद भी शामिल किए गए हैं।
भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिक (कक्षा 1 से 5), मध्य (कक्षा 6 से 8), माध्यमिक (कक्षा 9 से 10) और उच्च माध्यमिक (कक्षा 11 से 12) वर्ग के शिक्षक शामिल होंगे।
50 प्रतिशत प्रश्न शिक्षण के
प्रारंभिक परीक्षा के पाठ्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने आयोग को नया प्रस्ताव भेजा है। इसके तहत पीटी में 50 प्रतिशत प्रश्न बाल मनोविज्ञान और शिक्षण शास्त्र से पूछे जाने की योजना है। शेष 50 प्रतिशत हिस्से में सामान्य ज्ञान और बिहार के इतिहास, भूगोल व अर्थव्यवस्था से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।
नवंबर में परीक्षा संभावित
आयोग वर्ष के अंत में नवंबर या दिसंबर माह तक प्रारंभिक परीक्षा संपन्न कराने की दिशा में काम कर रहा है। छात्र संगठन इस बीच 'एक अभ्यर्थी-एक परिणाम' की मांग लगातार उठा रहे हैं। विस्तृत विज्ञापन और आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही आयोग द्वारा जारी किया जाएगा।
