विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नरकटियागंज से गोरखपुर जाने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनें रद, एक्सप्रेस का भी बदला मार्ग

Published: Wed, 02 Sep 2026 09:35 PM (IST)

नरकटियागंज से गोरखपुर जाने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनें रेल लाइन दोहरीकरण कार्य के कारण रद कर दी गई हैं, जिससे ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

HighLights

  1. तीन पैसेंजर ट्रेनें रेल लाइन दोहरीकरण के कारण रद।

  2. जननायक, कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित हुए।

  3. यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करना पड़ रहा है।

संवाद सहयोगी, नरकटियागंज। नरकटियागंज से गोरखपुर जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेल लाइन दोहरीकरण के कार्य के कारण तीन पैसेंजर ट्रेनों के रद रहने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें भी बदले मार्ग से चल रही हैं। गोरखपुर से आगे की ट्रेनों का मेल नहीं मिलने से यात्रियों की मुश्किल और बढ़ गई है।

तीन पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद

गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशन के बीच रेल लाइन दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसके मद्देनजर नरकटियागंज से गोरखपुर कैंट जाने वाली 55095 पैसेंजर ट्रेन 31 अगस्त से तीन सितंबर तक रद रहेगी।

गोरखपुर कैंट से नरकटियागंज आने वाली 55098 पैसेंजर ट्रेन भी इसी अवधि में रद की गई है। वहीं नरकटियागंज से गोरखपुर कैंट जाने वाली 55097 पैसेंजर ट्रेन एक से चार सितंबर तक रद रहेगी।

यात्रियों को दूसरे साधनों का सहारा

पैसेंजर ट्रेनों के रद होने से दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। यात्रियों मनोज साह और सुरेश कुमार ने बताया कि ट्रेनों के अनियमित परिचालन के कारण लगातार परेशानी हो रही है। पैसेंजर ट्रेन नहीं मिलने से बस और अन्य निजी साधनों से यात्रा करनी पड़ रही है।

जननायक एक्सप्रेस बदले मार्ग से

एक और दो सितंबर को अमृतसर से चलने वाली 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस नियमित मार्ग के बजाय रोजा, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या कैंट, वाराणसी जंक्शन, छपरा ग्रामीण और मुजफ्फरपुर के रास्ते चलेगी।

कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस भी प्रभावित

15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस भी एक और दो सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन छपरा, औंड़िहार, जौनपुर, अयोध्या कैंट और बाराबंकी होकर संचालित होगी।

तीन सितंबर को सुरक्षा निरीक्षण

रेल लाइन दोहरीकरण के कार्य के बाद तीन सितंबर को रेल सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण प्रस्तावित है। इसके चलते ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के समय और मार्ग की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में कई ट्रेनों की टाइमिंग बदली, शहीद-सरयू यमुना समेत इन ट्रेनों की नई समय-सारणी