Unique Video : बगहा में SP की अनोखी पहल, स्कूल में नहीं थे विज्ञान शिक्षक तो खुद बन गए गुरुजी
बगहा के एसपी राजेश कुमार ने एक स्कूल में विज्ञान शिक्षक न होने पर खुद दसवीं की छात्राओं को भौतिकी ...और पढ़ें
HighLights
एसपी राजेश कुमार ने बगहा स्कूल में भौतिकी की कक्षा ली।
विज्ञान शिक्षक की अनुपस्थिति में खुद बने छात्राओं के गुरुजी।
प्रकाश के परावर्तन-अपवर्तन समझाए, छात्राओं में दिखा पढ़ाई का उत्साह।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। खाकी वर्दी में पुलिस अधिकारी को आपने अपराधियों से निपटते और कानून-व्यवस्था संभालते तो खूब देखा होगा, लेकिन बगहा में एसपी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला।
स्कूल में विज्ञान शिक्षक नहीं थे तो एसपी राजेश कुमार खुद गुरुजी बनकर कक्षा में पहुंच गए। उन्होंने दसवीं की छात्राओं को भौतिकी पढ़ाई और प्रकाश के परावर्तन व अपवर्तन के सूत्र समझाए। एसपी को शिक्षक की भूमिका में देखकर छात्राओं में भी उत्साह नजर आया।
शिक्षक नहीं थे, एसपी ने संभाली कक्षा
सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पटखौली में सोमवार को एसपी राजेश कुमार पहुंचे। विद्यालय में विज्ञान विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए खुद कक्षा लेने का निर्णय लिया। एसपी ने दसवीं की छात्राओं के बीच पहुंचकर भौतिकी की पढ़ाई शुरू की।
प्रकाश के परावर्तन-अवपर्तन को समझाया
एसपी ने छात्राओं को भौतिकी के महत्वपूर्ण अध्याय ‘प्रकाश-परावर्तन तथा अपवर्तन’ पढ़ाया। उन्होंने परावर्तन और अपवर्तन की अवधारणाओं को आसान भाषा में समझाया। साथ ही इनके दैनिक जीवन में होने वाले उपयोग के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी। कठिन माने जाने वाले विषय को सरल तरीके से समझाने पर छात्राओं ने भी काफी रुचि दिखाई।
सवाल पूछकर परखी समझ
कक्षा के दौरान एसपी ने छात्राओं से अध्याय से जुड़े सवाल भी पूछे। छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं एसपी के सामने रखीं, जिनका उन्होंने सरल तरीके से समाधान किया। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषय को रटने के बजाय समझकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं में दिखा उत्साह
एसपी के शिक्षक के रूप में कक्षा लेने से छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने भी इस पहल की सराहना की। बताया गया कि विद्यालय में विज्ञान विषय के शिक्षक नहीं होने से दसवीं की छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में एसपी का खुद कक्षा लेकर पढ़ाना छात्राओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति जुड़ाव को दर्शाता है।
विद्यालय परिवार ने की सराहना
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद सिंह, पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत समेत विद्यालय के शिक्षक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी की इस पहल की छात्राओं और विद्यालय परिवार ने सराहना की।
