विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्मी की छुट्टी शुरू होते ही ट्रेनों में भीड़ बेकाबू, मुंबई-दिल्ली रूट पर लंबी वेटिंग; कंफर्म टिकट के लिए मारामारी

Published: Fri, 15 May 2026 06:15 PM (IST)

गर्मी की छुट्टियों के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे दिल्ली, मुंबई ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated Image)

प्रतीकात्मक तस्वीर (AI Generated Image)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, बेतिया। गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत होते ही लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, देहरादून और हरिद्वार जैसे शहरों की यात्रा की योजना बना रहे हैं।

ऐसे में अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं और यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की आरक्षण स्थिति के अनुसार मई के अंतिम सप्ताह से लेकर जून के मध्य तक कई प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।

यात्रियों को अब तत्काल टिकट और समर स्पेशल ट्रेनों से ही राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिहार और पूर्वांचल से बड़ी संख्या में लोग गर्मी की छुट्टियों में मुंबई, पुणे और गुजरात के शहरों की यात्रा करते हैं, जिसके कारण ट्रेनों में दबाव लगातार बढ़ रहा है।

मुंबई रूट की ट्रेनों में सबसे अधिक दबाव

मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ सबसे ज्यादा देखी जा रही है। जयनगर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में 135 तक वेटिंग पहुंच गई है, जबकि अमृत भारत एक्सप्रेस में 120 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची चल रही है। अवध एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी सीटों की भारी मारामारी है।

दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी प्रतीक्षा सूची

दिल्ली रूट की स्थिति भी लगभग यही है। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, गरीब रथ और वैशाली एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ रही है। कई ट्रेनों में जून के पहले सप्ताह तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं।

कोलकाता, देहरादून, हरिद्वार और अहमदाबाद जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव तेजी से बढ़ा है। छुट्टियों के दौरान पर्यटन स्थलों और धार्मिक यात्राओं के लिए बड़ी संख्या में लोग सफर कर रहे हैं।

कई ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच की सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। ऐसे में मोतिहारी, बेतिया और नरकटियागंज क्षेत्र से यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। यात्रियों का कहना है कि समय पर टिकट नहीं मिलने से यात्रा की योजना प्रभावित हो रही है।

तत्काल और ऑनलाइन बुकिंग पर बढ़ी निर्भरता

कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण अब यात्री तत्काल टिकट और ऑनलाइन बुकिंग का सहारा ले रहे हैं। रेलवे की वेबसाइट और मोबाइल एप पर टिकट बुकिंग के दौरान भारी ट्रैफिक देखा जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई रूटों पर समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आने वाले दिनों में और स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- डेहरी-बरवाडीह पैसेंजर में भीड़ से यात्री परेशान, गेट पर खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर; कोच बढ़ाने की अपील

यह भी पढ़ें- उत्तर पूर्व-दक्षिण पूर्व की एक्सप्रेस ट्रेनें रद, कई ट्रेनों की टाइमिंग बदली; चेक करें शेड्यूल