Bihar Road Accident: बगहा में ड्राइवर की लापरवाही से पलटी तेज रफ्तार अनियंत्रित बस, 3 यात्रियों की हालत नाजुक
नगर थाना क्षेत्र के पिपरिया के पास गुुरुवार दोपहर प्राइवेट बस पलटने से चालक और उपचालक समेत पांच यात्री घायल हो गए। दुर्घटना में घायल यात्रियों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
बगहा, जागरण टीम: वाहन चालकों की लापरवाही आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। गुरुवार दोपहर नगर थाना क्षेत्र के पिपरिया के पास एक प्राइवेट बस पलटने से चालक और उपचालक समेत पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल यात्रियों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लापरवाही बनी दुर्घटना का कारण
वाल्मिकी नाम की बस गुरुवार दोपहर वाल्मीकिनगर से बेतिया की ओर जा रही थी। यात्रियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। इस दौरान चालक और उपचालक आपस में बात कर रहे थे। बस जैसे ही पिपरिया के पास पहुंची चालक ने बस से अपना नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।
तीन यात्री गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में बस में बैठे 30 यात्रियों में तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चालक और उपचालक को भी चोट आई है लेकिन दुर्घटना के तुरंत बाद ही वे फरार हो गए। बस पलटते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार लोगों को बाहर निकाला और घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को देने के साथ-साथ अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. के.बी.एन. सिंह को भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही उपाधीक्षक अस्पताल से दो एंबुलेंस को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। जख्मी यात्रियों में चौतरवा के लगुनाहा गांव निवासी अयोध्या साह की 55 वर्षीय पत्नी धरोहर देवी, आशा मीरा देवी और मोतिहारी के मनकरवा गांव निवासी 28 वर्षीय मुन्नी लाल शामिल हैं। ये सभी यात्री बगहा से चौतरवा और बेतिया जा रहे थे।