विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण से समस्तीपुर तक नदियों के तेवर तल्ख, कहीं कटाव तो कहीं बाढ़ का खतरा

Published: Mon, 24 Aug 2026 11:44 AM (IST)

गंडक नदी पश्चिम चंपारण में तेजी से कटाव कर रही है, जिससे कई गांवों और मंगलपुर-गोपालगंज सड़क पर खतरा मंडरा ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में कटाव करती गंडक नदी। जागरण

पश्चिम चंपारण में कटाव करती गंडक नदी। जागरण

HighLights

  1. पश्चिम चंपारण में गंडक नदी का तेजी से कटाव जारी।

  2. मंगलपुर-गोपालगंज मुख्य सड़क और गांवों पर मंडराया खतरा।

  3. समस्तीपुर में गंगा-बाया के जलस्तर से बाढ़ का जोखिम।

जागरण टीम, मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार में नदियों के तेवर तल्ख होने लगे हैं। पश्चिम चंपारण में गंडक नदी तेजी से कटाव कर रही है, जिससे एक दर्जन गांवों पर खतरा मंडराने लगा है।

बरियारपुर के सामने कटाव की रफ्तार इतनी तेज है कि नदी मंगलपुर-गोपालगंज मुख्य सड़क से महज 200 मीटर दूर पहुंच गई है। अब तक करीब चार हजार एकड़ में लगी किसानों की गन्ने की फसल नदी में समा चुकी है। सड़क कटने की स्थिति में गोपालगंज जाने का रास्ता बाधित हो जाएगा।

सड़क की ओर बढ़ रही नदी

मंगलपुर-गोपालगंज मुख्य सड़क में बरियारपुर के सामने गंडक का कटाव लगातार तेज हो रहा है। रविवार को किसानों ने मौके पर पहुंचकर कटाव का जायजा लिया। किसानों का कहना है कि यदि इसी रफ्तार से कटाव जारी रहा तो जल्द ही सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है।

तटबंध पर बढ़ा दबाव

बगहा दो प्रखंड के मंगलपुर के पास गंडक नदी का दबाव तटबंध पर भी बढ़ गया है। कटाव तेज होने के बाद सिंचाई विभाग ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। विभाग की टीम को मौके पर कैंप कराया गया है।

24 घंटे निगरानी

सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता आशुतोष कुमार ने बताया कि टीम 24 घंटे मौके पर कैंप कर रही है। कटाव को रोकने और तटबंध की सुरक्षा के लिए जरूरी बचाव कार्य किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से नदी के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गंगा-बाया के बढ़ते जलस्तर से चिंता

उधर, समस्तीपुर में गंगा और बाया नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे दियारा क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कई विद्यालयों के परिसर में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। पानी प्रवेश करने के बावजूद संबंधित विद्यालयों को अब तक दूसरे स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया है। इससे बच्चों और शिक्षकों की परेशानी बढ़ने की आशंका है।