विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में पेपरलेस रजिस्ट्री लागू: अब हाथों-हाथ मिलेगा QR कोड वाला रंगीन दस्तावेज, बिचौलियों की छुट्टी

Published: Tue, 18 Aug 2026 02:59 PM (IST)

बिहार के सभी 144 निबंधन कार्यालयों में सोमवार से पेपरलेस रजिस्ट्री शुरू हो गई है, जिससे भूमि क्रेताओं को अब ...और पढ़ें

अब रजिस्ट्री के दिन ही मिलेगा QR कोड वाला रंगीन दस्तावेज (AI Generated Image)

अब रजिस्ट्री के दिन ही मिलेगा QR कोड वाला रंगीन दस्तावेज (AI Generated Image)

जागरण संवाददाता, बेतिया। सूबे के सभी 144 निबंधन कार्यालयों में सोमवार से पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत कर दी गई है। पश्चिम चंपारण जिले के सभी पांच बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, लौरिया एवं बगहा निबंधन कार्यालयों में नई व्यवस्था शुरू कर दी गई है।

इसमें बेतिया जिला अवर निबंधन कार्यालय एवं चनपटिया में तीन अगस्त से ही पेपरलेस रजिस्ट्री बहाल कर दी गई थी।

पेपरलेस रजिस्ट्री में निबंधन एवं मद्य निषेध विभाग ने भूमि क्रेताओं के लिए एक नया तोहफा दिया है। अब क्रेता को रजिस्ट्री के दिन ही भूमि का रंगीन दस्तावेज कार्यालय की मुअर एवं अधिकारी के हस्ताक्षर के साथ दिया जाएगा।

जिला अवर निबंधक गिरिशचंद ने बताया कि इस बाबत विभाग के सचिव की ओर से निर्देश दिया गया है और इसकी शुरुआत आज से ही कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दस्तावेज के सभी पन्ने पर क्यूआर कोड भी मौजूद रहेगा। इससे संबंधित क्रेता की जमीन के संबंध में कोई भी बैंक और वित्तीय संस्थान जब चाहे जानकारी ले सकते हैं।

इतना ही नहीं, क्रेता को कोई भी जमीन खरीदने में कितना स्टांप शुल्क लगा इसकी भी जानकारी दस्तावेज के साथ ही उसकी रसीद के माध्यम से मिल जाएगी। ऐसे में उन्हें इस बात की जानकारी मिल जाएगी कि निबंधन में कुल कितना खर्च लगा है। यानी सेवा प्रदाताओं के अलावा बिचौलियों की मर्जी नहीं चलेगी।

ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों ही मोड में मिलेगा दस्तावेज

नई व्यवस्था के तहत क्रेताओं के ऑनलाइन एवं ऑफलाइन मोड दोनों ही तरह से जमीन का दस्तावेज मिलेगा। ऑफलाइन मोड में तो रजिस्ट्री के दिन ही मिल जाएगा, जबकि ऑनलाइन मोड में दस्तावेज जब चाहे निकाल सकते हैं, इसके लिए उन्हें आईडी भी उपलब्ध कराया जाएगा।

12 दिनों में पांच जमीन की हुई रजिस्ट्री

पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत तीन अगस्त से हुई है। कुल 12 दिनों में मात्र बेतिया अवर निबंधन कर्यालय में पांच जमीन की संख्या में पेपरलेस जमीन की खरीद बिक्री हुई है।

इसमें सोमवार को मात्र एक ही जमीन की रजिस्ट्री कराई गई है। जिला अवर निबंधक के अनुसार नई व्यवस्था पहले की तुलना में और पारदर्शी है और इसमें क्रेताओं को ज्यादा लाभ मिलेगा।