दिसंबर में बेतिया आएंगे राज्यपाल, करेंगे राष्ट्रपिता की प्रतिमा का अनावरण
बिहार के राज्यपाल फागू चौहान आगामी दिसंबर में एमजेके कॉलेज में आएंगे।
पश्चिम चंपारण। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान आगामी दिसंबर में एमजेके कॉलेज में आएंगे। इस दौरान वे गांधी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसको लेकर कॉलेज प्रशासन अभी से तैयारियों में जुट गया है। वहीं राज्यपाल द्वारा तारीखों को तय नहीं किया गया है। लेकिन उन्होंने आने को लेकर हामी भर दी है। इसकी जानकारी एमजेके कॉलेज के प्राचार्य डॉ हरीनारायण ठाकुर ने दी। इसे लेकर सोमवार को एसडीएम विद्यानाथ पासवान एमजेके कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने कॉलेज के पूरे विस्तृत कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समय काफी कम है। इसलिए तेज गति से कार्य होना चाहिए। सबसे पहले उन्होंने निर्माणाधीन गांधी जी की प्रतिमा स्थल का जायजा लिया और इसे जल्द से जल्द पूरा कर लेने का आदेश दिया। इसके अनावा उन्होंने कहा कि राज्यपाल का कार्यक्रम है। इसलिए पूरे खेल मैदान को ठीक करना होगा। मैदान में काफी असमतल जगह है, जिसे समतल करना होगा। इसके अलावा उन्होंने सभी पेड़ की रंगाई की भी बात कही। उन्होंने कहा कि यहां के पोखर की भी साफ-सफाई करानी होगी। इसके अलावा आस-पास की जगहों की भी सफाई करनी होगी। इसकी तैयारी कॉलेज प्रशासन को तेजी से शुरू करनी होगी। वही प्राचार्य ने बताया कि राज्यपाल एमजेके कॉलेज में निर्मित परीक्षा हॉल का भी उदघाटन करेंगे। इसमें पहले से ही दो तीन परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं। वही नोबल अवार्ड विजेता समाजसेवी कैशाल सत्यार्थी, मैग्सेसे अवार्ड विजेता पत्रकार रविश कुमार के अलावा पत्रकार उर्मीलेश, अरविद मोहन, गांधी जी की पौत्री तारा गांधी, सुरेश खैरकर आदि भी जुटेंगे। इसे लेकर भी एसडीएम द्वारा दिशा निर्देश दिया गया। वहीं प्राचार्य ने कहा कि परीक्षा हॉल की रंगाई पोताई कराया जाएगा। वहीं सेमिनार को लेकर भी उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सेमिनार में हजारों की संख्या में लोग जुटेंगे। इसके लिए व्यापक इंतजाम किया जाएगा। बता दें कि राज्यपाल के आगमन पर सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें कई बड़े अवार्ड से सम्मानित दिग्गजों ने आने की हामी भरी है।