विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Champaran : बकरी ने खाया भात, दो भाइयों में हुआ खूनी संघर्ष, एक की मौत

By Anil Kumar Thakur Edited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 09 Apr 2026 09:15 PM (GMT+05:30)

पश्चिम चंपारण के लौरिया में बकरी द्वारा भात खा लेने की मामूली बात पर दो सगे भाइयों में खूनी संघर्ष ...और पढ़ें

घटना के बाद जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण

घटना के बाद जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण

HighLights

  1. बकरी द्वारा भात खाने पर भाइयों में हुआ झगड़ा।

  2. तीन दिन बाद एक भाई मोतीलाल साह की मौत।

  3. पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, लौरिया (पश्चिम चंपारण) । प्रखंड के धोबनी पंचायत अंतर्गत व्यासपुर बकुलहिया वार्ड संख्या छह में बकरी द्वारा भात खा लेने की मामूली बात ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।

इस घटना में तीन दिन बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई है। मृतक की पहचान स्वर्गीय छागुर साह के पुत्र मोतीलाल साह के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार बीते सोमवार की शाम मोतीलाल साह और उनके सगे भाई मुन्ना साह के बीच बकरी द्वारा घर का बना भोजन खा लेने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी।

शुरुआत में दोनों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे।

इस दौरान भोला साह, अर्जुन साह, दरोगा साह, झगरु साह, शांति देवी, दुलारी देवी और मोतीलाल साह समेत कुल सात लोग घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि मंगलवार को इलाज के बाद मोतीलाल साह घर लौट आए थे,लेकिन, बुधवार की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत बेतिया सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुधवार की रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले की सूचना मिलते ही गुरुवार को लौरिया थाना की पुलिस तथा एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में मुन्ना साह तथा उनके तीन पुत्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के पुत्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।