बिहार में 30 वर्ष से अधिक उम्र वालों के लिए खुशखबरी, घर बैठे 6 गंभीर बीमारियों की होगी FREE जांच
Chikitsa Aapke Dwar Campaign: बिहार में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए 'जीत एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार' ...और पढ़ें

बुधवार से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bihar Free Health Checkup: स्वास्थ्य विभाग की ओर से 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार के लिए बुधवार से विशेष अभियान की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से ‘जीत एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। यह स्वास्थ्य अभियान दो सितंबर से आगामी 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा।
घर-घर पहुंचेंगे स्वास्थ्यकर्मी
इस अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर नागरिकों को गैर संचारी रोगों के खतरों के प्रति सचेत करेंगे। साथ ही लोगों को निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विभाग का प्राथमिक लक्ष्य गंभीर बीमारियों को शुरुआती स्तर पर ही पहचान कर उचित चिकित्सा उपलब्ध कराना है।
छह गंभीर बीमारियों की जांच
अभियान के दौरान 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी नागरिकों की छह प्रमुख बीमारियों की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी।
इसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़े की बीमारी तथा फैटी लिवर की जांच शामिल है। जांच के क्रम में किसी भी बीमारी के लक्षण पाए जाने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श मुहैया कराया जाएगा।
मुफ्त दवा और रेफरल
जांच में बीमारी की पुष्टि होने के बाद मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से पूरी तरह मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गंभीर स्थिति वाले चिन्हित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर करने की भी व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि बीमारी से होने वाली मौतों को रोकने के लिए लोग आगे आकर जांच कराएं।
जीवनशैली में बदलाव जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार गैर संचारी रोग ऐसे विकार हैं जो एक से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलते बल्कि गलत खान-पान और तनाव से पनपते हैं।
नियमित शारीरिक व्यायाम, तंबाकू से परहेज और समय पर स्क्रीनिंग से इन बीमारियों को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है। समय रहते उपचार शुरू होने से मरीज गंभीर जटिलताओं से बच सकते हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बगहा में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा और बगहा विधायक राम सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा डीएस डॉ. एके. तिवारी, जिलाध्यक्ष अचिंत लल्ला, प्रबंधक मो. शाहनवाज समेत कई स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने आमजन से इस निःशुल्क अभियान का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
