विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: नौकरी लगी तो पड़ोसियों से बढ़ी रंजिश, फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर को पीटकर कोल्ड ड्रिंक में जहर पिलाने का आरोप

Published: Sun, 04 Oct 2026 07:38 PM (IST)

Fertilizer Inspector attack : नई नौकरी ज्वाइन कर घर लौटे नरकटियागंज के एक युवक को पड़ोसियों ने कथित तौर पर ...और पढ़ें

इलाजरत फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार। जागरण

इलाजरत फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार। जागरण 

HighLights

  1. नई नौकरी ज्वाइन कर घर लौटे युवक पर हमला।

  2. फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर को पीटकर कोल्ड ड्रिंक में जहर पिलाया।

  3. पुरानी रंजिश और नौकरी लगने से नाराजगी का आरोप।

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। करीब एक सप्ताह पहले नई नौकरी ज्वाइन करने के बाद घर लौटे युवक के साथ रविवार शाम ऐसी घटना हुई, जिसने परिवार को झकझोर दिया।

खेत की ओर निकले फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर को चार लोगों ने कथित रूप से घेर लिया। लाठी से पिटाई करने के बाद कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया गया है। गंभीर हालत में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल से बेतिया रेफर किया गया है।

खेत की ओर जाते समय घेरा

घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के ननकार मोतिहारी गांव की है। घायल सुधांशु कुमार (24) ने पुलिस को बताया कि वह रविवार शाम खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए चार लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने लाठी से उसकी पिटाई की और जमीन पर गिरा दिया।

कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाने का आरोप

सुधांशु के अनुसार, आरोपितों ने उसे पकड़ लिया और स्ट्रिंग नामक कोल्ड ड्रिंक की बोतल में जहर मिलाकर पिला दिया। जहर का असर होते ही वह छटपटाने लगा। इसके बाद सभी आरोपित वहां से भाग निकले। खेत में मौजूद लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो स्वजन को सूचना दी।

खेत में मिली छटपटाती हालत में

सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और सुधांशु को अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच रेफर कर दिया।

एक सप्ताह पहले मिली थी नौकरी

सुधांशु के पिता राजेश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की करीब एक सप्ताह पहले रांची में फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर पद पर ज्वाइनिंग हुई थी। पांच अक्टूबर को उसे वापस रांची लौटना था। पिता का आरोप है कि पड़ोसियों से पुरानी रंजिश चल रही है। बेटे की नौकरी लगने के बाद भी कुछ लोग नाराज थे। इसी रंजिश में हमला करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अबरार आलम ने बताया कि मामला जहर से जुड़ा हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जीएमसीएच रेफर किया गया है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आरोपितों की भूमिका और जहर दिए जाने की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।