भैंस से टकराई डीआईजी की कार, लगी हल्की चोट, भागलपुर से लौट रहे थे बेतिया
भागलपुर से बेतिया लौटते समय चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय की कार खगड़िया में एनएच-31 पर भैंस से ...और पढ़ें

इसमें AI जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
डीआईजी हर किशोर राय की कार भैंस से टकराई।
खगड़िया में एनएच-31 पर हुआ यह हादसा।
डीआईजी और गार्ड को हल्की चोटें आईं।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। भागलपुर से बेतिया लौटने के दौरान मंगलवार की शाम चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय की कार खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई।
एनएच-31 पर अचानक सड़क पर आई भैंस से उनकी कार टकरा गई। हादसे में डीआईजी और उनके सुरक्षा गार्ड को हल्की चोट लगी। हालांकि, दोनों सुरक्षित हैं।
अचानक सामने आई भैंस
जानकारी के अनुसार, डीआईजी भागलपुर में गवाही देने के बाद सरकारी वाहन से बेतिया लौट रहे थे। इसी दौरान मानसी थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन कार भैंस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सिर में लगी हल्की चोट
हादसे में डीआईजी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्की चोट आई। उनके सुरक्षा गार्ड को भी मामूली चोट लगी। दुर्घटना के बाद डीआईजी को खगड़िया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद खगड़िया के डीएम और एसपी भी अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने डीआईजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। स्थानीय पुलिस ने भी दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
सिटी स्कैन में सब सामान्य
डीआईजी हर किशोर राय ने बताया कि वह पूरी तरह ठीक हैं। सिर का सिटी स्कैन कराया गया है और जांच में किसी तरह की अंदरूनी चोट नहीं मिली है। उपचार के बाद वह बेतिया लौट आए हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
