रामनगर में बैंक से लौट रही महिला से 35 हजार की ठगी, कागज का बंडल थमाकर फरार हुए जालसाज
Bagaha Fraud Incident: बगहा के रामनगर में पंजाब नेशनल बैंक से 35 हजार रुपये निकालकर लौट रही एक महिला को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bagaha Fraud Incident: जिले के रामनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से रुपये निकाल कर लौट रही एक महिला उच्चकों की ठगी का शिकार हो गई।
सोहसा छवघरिया गांव निवासी मुस्ताक अंसारी की पत्नी हशबून नेशा शुक्रवार दोपहर अपने खाते से 35 हजार रुपये निकालकर घर जा रही थीं। इसी दौरान रामरेखा नदी पुल के समीप घात लगाए दो शातिर उच्चकों ने महिला को अपना शिकार बना लिया।
दोनों जालसाजों ने महिला को बातचीत के झांसे और लालच में फंसाकर अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद उच्चकों ने चालाकी से महिला के 35 हजार रुपये ले लिए और उसके बदले रुमाल में बंधा कागज का बंडल थमा दिया। थोड़ी दूर जाकर जब महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो नोटों की जगह केवल सादे कागज के टुकड़े बंधे मिले।
महिला जब तक ठगी की बात समझकर शोर मचाती तब तक दोनों जालसाज भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़िता ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन को दी। इस अप्रत्याशित ठगी के बाद पीड़ित महिला का रो-रोकर बुरा हाल था।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। बैंक और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस के अनुसार पूर्व में भी बैंक से रेकी कर ग्रामीण महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
