बिना बताए पति का अंतिम संस्कार करने पर पत्नी ने दर्ज कराई FIR, पिता गिरफ्तार
भोला महतो की संदिग्ध मौत के बाद उसकी पत्नी को बताए बिना आनन-फानन में अंतिम संस्कार करना पिता हरिशंकर महतो ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भोला महतो की संदिग्ध मौत, पिता गिरफ्तार।
पत्नी ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।
बिना बताए आनन-फानन में हुआ अंतिम संस्कार।
संवाद सूत्र, मनुआपुल। सिरिसिया थाने के सबेया गांव निवासी हरिशंकर महतो के पुत्र भोला महतो (25) की मंगलवार की शाम में संदेहास्पद मौत के बाद उसकी पत्नी को बताए बगैर आनन - फानन में शव का अंतिम संस्कार करना मृतक के पिता एवं अन्य को महंगा पड़ गया है।
मृतक की पत्नी राधिका देवी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मृतक के पिता हरिशंकर महतो को गिरफ्तार कर लिया है।
सिरसिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के सवेया निवासी हरिशंकर महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ससुराल वालों पर पति की हत्या का आरोप
हरिशंकर महतो के पुत्र भोला महतो (25) की मौत मामले में उसकी पत्नी राधिका देवी ने ससुराल वालों पर अपने पति की हत्या का आरोप लगाया है। जिस मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपित घर छोड़ फरार हैं। आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और साक्ष्य छुपाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बता दें कि मंगलवार को भोला महतो की मौत हो गई थी। घर वालों ने आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। स्वजनों का कहना है कि तबीयत खराब थी। उधर, पति की मौत की सूचना पर उसकी पत्नी अपने मायके पूर्वी चंपारण के पलनवा से ससुराल आई।
घर के लोग उसके पति को प्रताड़ित करते थे
तब तक उसके पति का अंतिम संस्कार हो चुका था। उसने पुलिस से शिकायत की कि घर के लोग उसके पति को प्रताड़ित करते थे। उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव गायब कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। पुलिस जांच के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाई। भोला महतो की शादी आठ माह पहले हुई थी।
