जीविका दीदियों की मेहनत लाई रंग, भितिहरवा एफपीओ का कारोबार 5.27 करोड़ पार
Jeevika Didis Success Story: पश्चिमी चंपारण के भितिहरवा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) ने कृषि व्यवसाय में बड़ी सफलता हासिल की ...और पढ़ें

आमसभा में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी को 8 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है।
HighLights
भितिहरवा एफपीओ का कारोबार 5.27 करोड़ रुपये के पार।
जीविका से जुड़ी महिला किसानों ने हासिल की सफलता।
कंपनी को 8 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Bhitiharwa FPO: जिले के मझौलिया प्रखंड स्थित भितिहरवा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) ने कृषि व्यवसाय में बड़ी सफलता हासिल की है।
जीविका से जुड़ी महिला किसानों के सामूहिक प्रयास और बेहतर प्रबंधन से कंपनी का कारोबार 5.27 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। हाल ही में आयोजित आमसभा में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी को 8 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है।
जिले में बेहतर प्रदर्शन
पश्चिमी चंपारण जिले में करीब आधा दर्जन एफपीओ संचालित हो रहे हैं, जिनमें जीविका से जुड़ी दो प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
रामनगर एफपीओ और भितिहरवा एफपीओ में से भितिहरवा का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। महिला किसानों की एकजुटता और सही दिशा में किए गए प्रयासों ने इस कृषि मॉडल को एक नई पहचान दिलाई है।
खेती को व्यवसाय बनाने की पहल
कंपनी की प्रगति को और रफ्तार देने के लिए उत्पादन से लेकर बाजार तक की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
महिला किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर इसे व्यावसायिक रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके तहत उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, वैल्यू एडिशन करने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
नए बाजारों से जुड़ने की तैयारी
अगले वित्तीय वर्ष में फसल विविधीकरण, उत्पादन वृद्धि और मजबूत विपणन नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी नए बाजारों तक पहुंच बनाने के साथ-साथ अधिक से अधिक महिलाओं को शेयरधारक के रूप में जोड़ने जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य गांव स्तर पर महिला किसानों को उनकी उपज का सही और बेहतर मूल्य दिलाना है।
यह भी पढ़ें- जीविका ने संवारी सुमित्रा की जिंदगी, 1 बीघा से 6 बीघा तक पहुंचाया खेती का दायरा; अब 200 लोगों को दे रही रोजगार
भितिहरवा एफपीओ जीविका से जुड़ी महिला किसानों के लिए बेहतर काम कर रहा है। कंपनी का कारोबार आगे बढ़ाने और महिला किसानों को अधिक लाभ दिलाने के लिए जीविका की ओर से आवश्यक तकनीकी सलाह एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
आके निखिल, डीपीएम, जीविका
