पश्चिमी चंपारण के भिखनाठोरी में घर पर सूखा पेड़ गिरा, एक ही परिवार के चार लोग घायल
पश्चिमी चंपारण के भिखनाठोरी गांव में देर रात एक सूखा पेड़ घर पर गिरने से एक ही परिवार के चार ...और पढ़ें

रात करीब दो बजे एक भारी सूखा पेड़ घर पर गिर पड़ा।
संवाद सूत्र, गौनाहा (पश्चिमी चंपारण)। West Champaran Tree Accident: पश्चिमी चंपारण के सीमावर्ती भिखनाठोरी गांव में बुधवार की देर रात बड़ा हादसा हो गया।
वार्ड संख्या एक में रात करीब दो बजे एक भारी सूखा पेड़ घर पर गिर पड़ा। हादसे में घर में सो रहे एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए।
रात में घर पर गिरा पेड़
घायलों में गृहस्वामी एजाज खान और उनकी पत्नी तहरीना खातून की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी दो बेटियां सबेया खातून और शबाना खातून भी चोटिल हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक भारी पेड़ घर पर गिर गया। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों की नींद खुली और वे मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ हटाकर घर में फंसे चारों घायलों को बाहर निकाला।
पति पत्नी गंभीर रूप से घायल
इसके बाद सभी घायलों को गौनाहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हादसे में एजाज खान के कंधे और उनकी पत्नी तहरीना खातून के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दोनों बेटियों को भी चोटें आई हैं।
रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ. शशि कुमार ने बताया कि चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया है। हादसे में घर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और घर की मरम्मत की समस्या खड़ी हो गई है।
