पश्चिम चंपारण में फरियादियों का अनोखा स्वागत, शिकायत से पहले SSP Office में पिलाया जा रहा नींबू पानी
बेतिया एसएसपी कार्यालय में फरियादियों को गर्मी से राहत देने के लिए नींबू पानी की व्यवस्था की गई है। एसएसपी ...और पढ़ें

बेतिया में फरियादियों को दिया जा रहा नीबू पानी।
HighLights
एसएसपी कार्यालय में फरियादियों को नींबू पानी की व्यवस्था।
गर्मी से राहत के लिए एसएसपी कुमार गौतम की पहल।
रोजाना 40-50 लीटर नींबू पानी की खपत, निजी खर्च पर।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। गर्मी में अपनी फरियाद लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को अब शिकायत के साथ राहत भी मिल रही है।
तेज धूप और उमस के बीच कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों के लिए एसएसपी कुमार गौतम ने नींबू पानी की व्यवस्था शुरू की है। कार्यालय में आने वाले लोगों को होमगार्ड के जवान नींबू पानी पिला रहे हैं। इसके लिए दो होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी की इस पहल की फरियादी सराहना कर रहे हैं।
एसएसपी कार्यालय में प्रतिदिन करीब दो बाल्टी यानी 40 से 50 लीटर नींबू पानी की खपत हो रही है। सोमवार और शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार के दिन फरियादियों की संख्या अधिक रहती है।
ऐसे में इन दोनों दिनों में नींबू पानी की खपत भी बढ़ जाती है। फरियादियों के लिए पर्याप्त मात्रा में शरबत तैयार रखा जाता है, ताकि किसी को गर्मी में परेशानी नहीं हो।
दूर-दराज से आने वालों को मिल रही राहत
एसएसपी कार्यालय में जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूर-दराज के गांवों से लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचते हैं। कई फरियादी तेज धूप में लंबी दूरी तय कर कार्यालय आते हैं। इसके बाद अपनी बारी के इंतजार में उन्हें कुछ समय परिसर में रुकना पड़ता है।
ऐसे में नींबू पानी की व्यवस्था उन्हें गर्मी से तत्काल राहत दे रही है। बैरिया के फरियादी संजय पासवान, लौरिया के सुरेश दुबे, गौनाहा के जोखू भगत ने बताया कि गर्मी में दूर से आने के बाद कार्यालय में नींबू पानी मिलना काफी राहत देने वाला है।
उन्होंने कहा कि शिकायत सुनने के साथ फरियादियों की छोटी-छोटी सुविधाओं का ध्यान रखना भी अच्छी पहल है। इससे लोगों को यह महसूस होता है कि उनकी परेशानी को समझा जा रहा है।
दो जवान संभाल रहे जिम्मेदारी
फरियादियों को नींबू पानी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होमगार्ड के दो जवानों को दी गई है। वे कार्यालय आने वाले लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार शरबत उपलब्ध कराते हैं। खासकर जनता दरबार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने पर व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जवान लगातार तैनात रहते हैं। इस व्यवस्था का खर्च एसएसपी के निजी कोष से किया जा रहा है।
गर्मी के मौसम में दूर-दराज से अपनी समस्या लेकर आने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से नींबू पानी की व्यवस्था की गई है। जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उनकी शिकायत सुनना हमारी प्राथमिकता है, साथ ही यह भी प्रयास है कि कार्यालय आने वाले फरियादियों को आवश्यक सुविधा और सम्मान मिले।
कुमार गौतम, एसएसपी, बेतिया
