बेतिया में 3.06 करोड़ से बनेगी नई सड़क और नाला, जलजमाव से मिलेगी मुक्ति
Road Construction Bettiah: बेतिया शहर में जर्जर सड़कों और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए 3.06 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

टेंडर जारी होने के तुरंत बाद नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निर्माण स्थल का गहन निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Road Construction Bettiah: बिहार के बेतिया शहर के एक बड़े हिस्से में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है।
केआर स्कूल से लेकर छोटी नहर तक पीसीसी सड़क और आरसीसी नाले के निर्माण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत इन दोनों बड़ी योजनाओं पर कुल 3.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
महापौर ने किया निरीक्षण
टेंडर जारी होने के तुरंत बाद नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने निर्माण स्थल का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) की ओर से निविदा जारी कर दी गई है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही धरातल पर निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा।
80 लाख से नाला
पहली परियोजना के तहत संत जेवियर हॉयर सेकेंडरी स्कूल की दक्षिणी बाउंड्री से छोटी नहर तक आरसीसी नाले का निर्माण होगा।
इस नाले के निर्माण पर करीब 80.11 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके निर्माण के लिए चार महीने की समय-सीमा तय की गई है, जिससे बारिश के पानी की निकासी सुगम हो सकेगी।
2.25 करोड़ की सड़क
दूसरी परियोजना के तहत केआर स्कूल की पूर्वी बाउंड्री से अंबेडकर चौक और आशा नगर होते हुए छोटी नहर तक मजबूत पीसीसी सड़क बनाई जाएगी।
2.25 करोड़ रुपये की लागत वाली इस सड़क का निर्माण कार्य आठ महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जलजमाव से मिलेगी राहत
महापौर ने निरीक्षण के दौरान बताया कि सड़क और नाला निर्माण की ये दोनों योजनाएं एक-दूसरे से पूरी तरह जुड़ी हुई हैं।
एक तरफ जहां आरसीसी नाला बनने से पूरे इलाके को जलजमाव से मुक्ति मिलेगी, वहीं पीसीसी सड़क से लोगों का आवागमन बेहद सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
समय और गुणवत्ता पर जोर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि तय सीमा के भीतर काम पूरा होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को बुनियादी सुविधाओं का बड़ा लाभ मिलेगा।
