बेतिया प्रधान डाकघर में अब रात आठ बजे तक होगा स्पीड पोस्ट, रविवार को भी बनेगा आधार कार्ड
India Post Extended Hours: बेतिया प्रधान डाकघर में अब स्पीड पोस्ट काउंटर रात 8 बजे तक खुला रहेगा, जिससे नौकरीपेशा ...और पढ़ें

रात आठ बजे तक सेवा मिलने से प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन और आवश्यक कागजात समय पर भेजे जा सकेंगे। फाइल फोटो
HighLights
स्पीड पोस्ट काउंटर अब रात 8 बजे तक खुला।
आधार केंद्र रविवार को भी देगा सेवाएं।
नौकरीपेशा, छात्रों और ग्रामीणों को बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Head Post Office: पश्चिम चंपारण के बेतिया प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट और आधार सेवाओं का लाभ लेने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है।
डाक विभाग ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए पहली बार स्पीड पोस्ट काउंटर का संचालन समय बढ़ाकर रात आठ बजे तक कर दिया है। अब यह काउंटर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कुल 12 घंटे लगातार संचालित होगा।
12 घंटे मिलेगी सुविधा
प्रधान डाकघर के डाकपाल रामकिशोर प्रसाद यादव ने बताया कि पहले शाम पांच बजे ही काउंटर बंद हो जाता था। इस वजह से दिनभर व्यस्त रहने वाले नौकरीपेशा लोग, छात्र और दूर-दराज के ग्रामीण जरूरी डाक भेजने से वंचित रह जाते थे।
अब रात आठ बजे तक सेवा मिलने से प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन और आवश्यक कागजात समय पर भेजे जा सकेंगे।
ग्रामीणों और छात्रों को राहत
जिले के सुदूरवर्ती प्रखंडों से डाकघर आने वाले कई लोगों को आवागमन में अधिक समय लग जाता था, जिससे वे बिना काम कराए लौटने को मजबूर होते थे।
डाक विभाग द्वारा समय सीमा में विस्तार किए जाने से ऐसे सभी ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी। विभाग इस नई व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिले।
रविवार को आधार काउंटर
स्पीड पोस्ट के साथ ही डाक विभाग ने आधार कार्ड केंद्र को लेकर भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रधान डाकघर परिसर स्थित आधार केंद्र अब रविवार को भी खुला रहेगा, जिससे लोगों को सातों दिन सेवाएं मिलेंगी।
यहां नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ नाम, पता और अन्य जरूरी त्रुटियों में सुधार का कार्य आसानी से कराया जा सकेगा।
लंबी कतारों से मुक्ति
दैनिक रूप से आधार केंद्र पर महिला-पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ जुटने के कारण पूर्व में कई लोगों का काम समय सीमा समाप्त होने से अटक जाता था।
सप्ताह के सभी दिन काउंटर खुले रहने से कतारों का दबाव घटेगा और लोगों को बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। डाक विभाग की इस नई पहल से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
