बेतिया में पुलिस का 'फिल्मी' एक्शन: कार में टक्कर मारकर रोका, 1.22 करोड़ रुपये का 113 किलो गांजा बरामद
पुलिस ने बेतिया के स्टेशन चौक पर फिल्मी अंदाज में एक कार का पीछा कर उसे टक्कर मारकर रोका। कार ...और पढ़ें

कार से 113 किलो गांजा बरामद
HighLights
बेतिया पुलिस ने स्टेशन चौक पर कार को टक्कर मारकर रोका।
कार से 113 किलोग्राम गांजा और चालक को जब्त किया गया।
जब्त गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.22 करोड़ रुपये।
जागरण संवाददाता, बेतिया। पुलिस टीम ने शुक्रवार की सुबह नगर के स्टेशन चौक पर छापेमारी पर 113 किलोग्राम गांजा के साथ कार चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार चालक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत पसराइन निवासी मो. सहीम बताया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। गांजा यूपी नंबर की कार से लाया जा रहा था।
जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है। चालक ने पूछताछ में पुलिस से बताया है कि उसे माल छावनी के एक व्यक्ति ने दिया था, जिसे मोतिहारी पहुंचाना था। पुलिस उसके बयान का सत्यापन कर रही है।
गाड़ी से कार में टक्कर मार कर रुकने पर मजबूर किया
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तस्कर गांजा की खेप जिले में लाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस की टीम नगर के छावनी में निगरानी करने लगी। सुबह करीब छह बजे सफेद रंग की एक संदिग्ध कार को देख पुलिस उसे रुकने का इशारा की। लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। तब पुलिस पीछा करते हुए स्टेशन चौक पर पहुंची और अपनी गाड़ी से कार में टक्कर मार कर रुकने पर मजबूर कर दी।
कार रुकने पर उसकी तलाशी ली गई तो कार में छुपा कर रखा गया सात बंडल गांजा बरामद हुआ। पुलिस गांजा व कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर ली। मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद सदर अंचलाधिकारी पल्लवी कुमारी की मौजूदगी में गांजा का वजन कराया गया।
जब्त बंडल पर नेपाली भाषा में लिखा हुआ
उन्होंने बताया कि जब्त बंडल पर नेपाली भाषा में कुछ लिखा हुआ है। छापेमारी टीम में नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार, इंस्पेक्टर मो. अकरम, दारोगा रामशरण कुमार, उदय पासवान, विशाल तिवारी, रवि कुमार आदि शामिल रहे। सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि एक कार से गांजा जब्त किया गया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
