बेतिया में परदेस से आने वालों के लिए खुशखबरी, रात में स्टेशन उतरने वालों को घर पहुंचाएगी पुलिस की बस
Bettiah Police Free Bus Service: दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान देर रात बेतिया पहुंचने वाले यात्रियों के लिए ...और पढ़ें

पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने पुलिस केंद्र से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Durga Puja Traffic Security: दुर्गा पूजा और आगामी प्रमुख त्योहारों के दौरान देर रात बेतिया पहुंचने वाले यात्रियों को अब घर जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
जिला पुलिस ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क रात्रिकालीन बस सेवा शुरू की है।
निःशुल्क रात्रिकालीन बस सेवा
पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने पुलिस केंद्र से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सुविधा प्रतिदिन रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक यात्रियों को उपलब्ध रहेगी।
पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य देर रात बाहर से आने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्रदान करना है।
सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा
इस व्यवस्था से रास्ते में होने वाली आपराधिक घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाएगी। त्योहारों के दौरान ट्रेनों से बेतिया पहुंचने वाले यात्रियों को अब स्टेशन से अपने गंतव्य तक जाने के लिए वाहनों की तलाश में नहीं भटकना पड़ेगा।
निःशुल्क बस सेवा से उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा में सीधी मदद मिलेगी।
निर्धारित रूट की जानकारी
पुलिस की ओर से निर्धारित रूट के अनुसार बस बेतिया रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इसके बाद यह समाहरणालय चौक, बेतिया बस स्टैंड, आइटीआइ, चेक पोस्ट और सोवा बाबू चौक से होकर गुजरेगी।
फिर राजदेवरी, तीन लालटेन चौक और छावनी होते हुए मनुआपुल तक जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था की पहल
इस रूट पर पड़ने वाले सभी प्रमुख स्थानों के यात्रियों को इस रात्रिकालीन सेवा का पूरा लाभ मिल सकेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
