विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में पार्क बने या नहीं? इसी सवाल पर भिड़े पार्षद, गेट बंद कर महापौर को रोका

Published: Wed, 19 Aug 2026 06:50 PM (IST)

बेतिया नगर निगम की बैठक में काली धाम मंदिर परिसर में प्रस्तावित पार्क निर्माण को लेकर पार्षदों में जमकर हंगामा ...और पढ़ें

लोगों को समझाते एसडीएम विकास कुमार व अन्य । जागरण

लोगों को समझाते एसडीएम विकास कुमार व अन्य । जागरण

HighLights

  1. काली धाम मंदिर पार्क निर्माण पर पार्षदों में विवाद।

  2. महापौर ने बैठक स्थगित की, गेट बंद कर रोका गया।

  3. पुलिस हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित, महापौर को निकाला गया।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मां काली धाम मंदिर परिसर में प्रस्तावित पार्क निर्माण को लेकर बुधवार को नगर निगम में जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम सभागार में चल रही बैठक के दौरान पार्क निर्माण के मुद्दे पर पार्षदों के बीच विरोध शुरू हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बैठक स्थगित कर दी। इसके बाद कुछ पार्षद उग्र हो गए। देखते ही देखते सभागार का मुख्य गेट बंद कर महापौर समेत कई लोगों को अंदर ही रोक दिया।

इससे नगर निगम परिसर में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हंगामे की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम विकास कुमार, एसडीपीओ वन अजीत कुमार, यातायात डीएसपी अतनु दत्ता पुलिस बल के साथ नगर निगम पहुंचे।

अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीएम के निर्देश पर सभागार का गेट खुलवाया गया, जिसके बाद अंदर मौजूद महापौर और अन्य लोगों को बाहर निकाला गया।

बैठक स्थगित होते ही बढ़ा विवाद

बताया जाता है कि नगर निगम सभागार में बोर्ड की बैठक चल रही थी। बैठक में मां काली धाम मंदिर परिसर में प्रस्तावित पार्क निर्माण का मुद्दा सामने आया।

सांसद डा. संजय जायसवाल ने बैठक में कहा कि जनभावना के अनुरूप ही काम होगा। अगर जनता मंदिर परिसर में पार्क निर्माण नहीं चाहती है तो वहां पार्क का निर्माण नहीं होगा। इसके बाद सांसद बैठक से चले गए।

उप महापौर गायत्री देवी ने बताया कि सांसद के चले जाने के बाद महापौर के पति सह वार्ड पार्षद रोहित सिकारिया अपने समर्थक पार्षदों के साथ बेल में धरना पर बैठ गए और कहने लगे कि आज ही सारे योजनाओं पर चर्चा कर मुहर लगेगी।

कुछ पार्षदों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि मंदिर परिसर में पार्क का निर्माण होने से वहां समय-समय पर आयोजित होने वाले धार्मिक एवं अन्य कार्यक्रम प्रभावित होंगे। इसी मुद्दे पर बैठक में विरोध बढ़ता गया। विवाद बढ़ता देख महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बैठक को स्थगित कर दिया।

बैठक स्थगित किए जाने के बाद कई पार्षद और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए। कुछ ही देर में पार्षदों के समर्थक और कालीबाग के कोई लोग भी नगर निगम पहुंच गए। इसके बाद सभागार का मुख्य गेट बंद कर दिया और महापौर समेत अन्य लोगों को अंदर ही रोक दिया गया।

अधिकारियों के पहुंचने पर खुला गेट

नगर निगम में हंगामे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया। एसडीएम विकास कुमार के हस्तक्षेप के बाद सभागार का गेट खुलवाया गया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

महिला पार्षद से दुर्व्यवहार के आरोप में पार्षद पुत्र हिरासत में

हंगामे के दौरान पुलिस ने वार्ड 32 के पार्षद जोहरा खातून के पुत्र आजाद हुसैन को हिरासत में लिया है। उस पर एक महिला पार्षद के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। हंगामे के दौरान कई पार्षद, पार्षद पुत्र और उनके प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे।