एक तरफ बुलडोजर की चोट, दूसरी तरफ कब्जे की वापसी, बेतिया में अनोखी कहानी
नगर निगम बेतिया ने छावनी से मनुआपुल तक सड़क और नाले से अतिक्रमण हटाया, जिसमें जेसीबी का उपयोग कर अस्थाई ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में अतिक्रमण पर चला बुल्डोजर।
HighLights
नगर निगम ने बेतिया में सड़क और नाले से अतिक्रमण हटाया।
जेसीबी का उपयोग कर अस्थाई दुकानें और शेड तोड़े गए।
निगरानी के अभाव में हटाए गए स्थानों पर फिर से अतिक्रमण।
जागरण संवादाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम की टीम छावनी से मनुआपुल तक सड़क व नाला से अतिक्रमण हटवाई।
नगर निगम की टीम एक जेसीबी व तीन ट्रैक्टर लेकर पुलिस बल के साथ छावनी पहुंची और यहां से कार्रवाई शुरू हुई। टीम ने जेसीबी से सड़क किनारे और नाला पर बनाए गए अस्थाई निर्माण को हटाना शुरू किया।
नाला से ठेला, खोमचा आदि को भी हटाया गया। सड़क को अतिक्रमणित कर बनाए गए दुकानों के शेड, जाफरी, बैनर-पोस्टर समेत अन्य अस्थाई निर्माण को तोड़ा जाने लगा।
कुछ दुकानदारों ने दुकानों के शेड सड़क की जमीन पर निकाल लिया था, उसे तहस नहस कर दिया गया। अतिक्रमण हटाने की दौरान लोगों की भीड़ लगी रही।
कार्रवाई की जद में आए दुकानदार अपने सामान समेटते नजर आए। अभियान के दौरान स्वच्छता प्रभारी अशफाक अहमद, आर्किटेक्ट मो. सहनवाज, स्वच्छता निरीक्षक जुलुम साह, घारी प्रभारी तबरेज आलम समेत निगम के कई कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
उपनगर आयुक्त मो शाहिद ने बताया कि अवैध अतिक्रमण एवं पार्किंग के विरुद्ध नगर निगम की ओर से कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया है। अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।
जेसीबी लौटते ही सड़क पर फिर सज रही दुकानें
नगर निगम की ओर से अभियान चलाकर सड़क और नाला से अतिक्रमण हटाने का अभियान तो चल रहा है। लेकिन कार्रवाई के बाद कुछ समय तक सड़कें खुली नजर आती है। थोड़ी देर बाद सड़क किनारे फिर से कब्जा जम जाता है।
अतिक्रमण हटाने के बाद उसकी निगरानी नहीं होने से दुकानदार दोबारा उसी जगह सामान, शेड और जाफरी लगाकर कब्जा कर लेते हैं।
इस सप्ताह नगर निगम की टीम ने समाहरणालय चौक से अभियान शुरू कर मोहर्रम चौक, सर्किट हाउस, सागर पोखरा, आलोक भारती चौक, मिरचइया पुल, संत कबीर चौक आदि इलाके से सड़क व नाला किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया है।
जेसीबी से दुकानों के आगे लगे शेड व जाफरी तोड़े गए है। लेकिन निगरानी नहीं होने से अधिकांश जगहों पर दुबारा कब्जा हो गया है।नगरवासियों का कहना है कि पूरे शहर से अतिक्रमण हटाने के बाद इसकी नियमित मानीटरिंग की व्यवस्था होने के बाद ही इस समस्या से स्थाई निजात मिल सकता है।
लोगों की सुविधा को ध्यान में रख सड़क व नाला की जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर नियम संगत कार्रवाई होगी।
मो. शाहिद, उपनगर आयुक्त, बेतिया।
