पश्चिम चंपारण में अज्ञात वाहन की ठोकर से व्यवसायी की मौत, बाइक से लौटते समय हादसा
West Champaran Road Accident: पश्चिम चंपारण के बेतिया में एनएच 727 पर एक सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यवसायी अरुण ...और पढ़ें

अरुण कुमार की फाइल फोटो व जांच करती पुलिस।
HighLights
बेतिया में एनएच 727 पर व्यवसायी अरुण कुमार की मौत।
अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से घायल हुए थे।
पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही, वाहन की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Road Accident: एनएच 727 पर बेतिया शहर के सुप्रिया रोड में गुरुवार की रात सड़क हादसे में व्यवसायी अरुण कुमार (48) की मौत हो गई।
हादसा रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच यामाहा शोरूम के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि अरुण कुमार किसी काम से लौटकर बुलेट मोटरसाइकिल से अपनी दुकान की ओर जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अष्टविनायक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया। चिकित्सक डॉ. विवेक कर्ण के अनुसार इलाज के दौरान अरुण कुमार ने दम तोड़ दिया।
अरुण कुमार लाल बाजार, बेतिया के निवासी थे। उनका पैतृक निवास सिसवा बसंतपुर बताया गया है। शहर के सुप्रिया रोड समेत अन्य इलाकों में उनका कारोबार था।
रेस्टोरेंट और फार्मेसी से जुड़े थे
अरुण कुमार वन बाइट रेस्टोरेंट और ई-मेडिक्स स्मार्ट फार्मेसी से जुड़े थे। सुप्रिया रोड में उनका कमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी बताया जाता है। इसमें करीब 15 से 20 दुकानें होने की जानकारी है।
कारोबार के कारण शहर के व्यवसायिक क्षेत्र में उनकी पहचान थी। हादसे में ठोकर मारने वाले वाहन की पहचान खबर प्रेषण तक नहीं हो सकी थी। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन और हादसे की पूरी परिस्थिति का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
अरुण कुमार के परिवार में दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र पटना कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि छोटे पुत्र ने इसी वर्ष यूक्रेन से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है और फिलहाल दिल्ली में रह रहे हैं। व्यवसायी की मौत की खबर से शहर के कारोबारी जगत और परिचितों में शोक की लहर है।
