बेतिया में तेज रफ्तार टेंपो से साइड लेने में अनियंत्रित होकर पोखर में गिरी बस, चालक और खलासी भागे
बेतिया से मैनाटांड़ जा रही एक यात्री बस पूर्वी पकुहवा गांव के पास टेंपो से साइड लेते समय अनियंत्रित होकर ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में अनियंत्रित होकर गिरी बस।
जागरण संवाददाता, बेतिया, (पश्चिम चंपारण)। जिला मुख्यालय बेतिया से बेतिया से मैनाटांड़ जा रही एक यात्री बस बुधवार की दोपहर एक बजे के आसपास पूर्वी पकुहवा गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार टेंपो से साइड लेने के दौरान अनियंत्रित होकर पोखर में गिर गई।
जबकि टेंपो लेकर चालक भाग गया। बस में आठ वर्षीय बच्चा समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी बस के साथ पोखर में चले गए। संयोग अच्छा था कि बस का आधा हिस्सा ही पोखर में गया था। चूंकि पोखर में करीब दस फीट से अधिक गहरा पानी होने के कारण यात्रियों के डूबने की आशंका थी।
हालांकि गांव के लोगों ने साहसी कार्य किया। बगैर किसी विलंब के गांव के दर्जन भर से अधिक लोग आए और पोखर में उतरकर बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकला। किसी भी यात्री को चाेट नहीं लगी थी। ये सब बस्था, पुरैना, बसंतपुर एवं रामपुरवा के रहने वाले हैं।
हालांकि शिवदानी कंपनी की बस का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। बताया जाता है कि यात्रियों से खचाखच भरी बस बेतिया से खुली थी। रास्ते में विभिन्न स्टापेज पर रुकती हुई आई। मैंनाटांड़ बस स्टैंड इस बस का अंतिम पड़ाव था।
यात्रियों ने बताया कि मैंनाटांड़ से करीब चार किमी दूर पूर्वी पकुहवा गांव के समीप तीखा मोड़ पर सामने से आ रहे टेंपो से साइड लेने के दौरान बस पोखर में जाकर गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सुमंत कुमार,मैनाटांड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार और पुरूषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत सदलबल मौके पर पहुंचे । तब तक गांव के लोग बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाल चुके थे।
ग्रामीणों की भीड़ के कारण आधे घंटे तक यातायात रही प्रभावित
बेतिया- मैनाटांड़ मार्ग में पूर्वी पकुहवा के समीप बस के पोखर में गिरने के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस वजह से करीब आधे घंटे तक मार्ग में यातायात प्रभावित हुआ था। पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को हटाकर यातायात चालू कराया गया।
थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि बस में मात्र नौ यात्री सवार थे।सभी सुरक्षित निकाल लिए गए हैं। साइड लेने के दौरान बस चालक नियंत्रण खो दिया था। जिससे बस सड़क किनारे पोखरा में पलट गई। बस को पोखर से बाहर निकालकर जब्त कर लिया गया है। चालक और खलासी की पहचान कराई जा रही है।
ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार
अंचलाधिकारी सुमंत कुमार ने कहा कि बस दुर्घटना के बाद गांव के नुर मोहम्मद अंसारी, रोहित महतो, इस्तेयाक आलम, नौशाद आलम समेत दर्जनों लोगों ने अभूतपूर्व सहयोग किया। अगर वे तत्परता नहीं दिखाते तो यात्रियों की जान भी जा सकती थी। सीओ ने राहत एवं बचाव कार्य करने वाले युवकों का उत्सावर्धन किया।
