विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अवध एक्सप्रेस में आग की अफवाह से अफरातफरी, बगहा में यात्रियों ने चेन पुलिंग कर रोकी ट्रेन

Published: Sat, 29 Aug 2026 06:49 PM (IST)

बगहा में अवध एक्सप्रेस के जनरेटर से धुआं निकलने से आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई और ट्रेन रोकनी पड़ी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. अवध एक्सप्रेस के जनरेटर से धुआं निकलने से फैली आग की अफवाह।

  2. यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी, मची अफरातफरी।

  3. रेलकर्मियों की जांच के बाद ट्रेन सुरक्षित आगे बढ़ी, कोई हताहत नहीं।

संवाद सूत्र, बगहा। बगहा चीनी मिल स्थित रेलवे ढाला, गुमटी संख्या-49 के समीप शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब बांद्रा मुंबई से बरौनी जा रही 19037 अवध एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई।

चलती ट्रेन में इंजन के बगल में लगे जनरेटर से अचानक तेज मात्रा में धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर यात्रियों में आग लगने की आशंका पैदा हो गई और देखते ही देखते ट्रेन के अंदर अफरातफरी का माहौल बन गया।

घबराए यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही कई यात्री नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर जाने लगे।

वहीं, रेलवे ढाला के आसपास मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। यात्रियों के बीच ट्रेन में आग लगने की चर्चा तेजी से फैलने लगी।घटना की सूचना मिलते ही लोको पायलट, गार्ड और रेलकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे।

रेलकर्मियों ने ट्रेन के इंजन के समीप लगे जनरेटर और आसपास के हिस्सों की जांच की। तत्परता से जांच करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया गया। जांच के बाद ट्रेन को दुरुस्त कर आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान करीब कुछ समय तक ट्रेन गुमटी संख्या-49 के समीप रुकी रही, जिससे रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ।

धुआं निकलने के कारणों को लेकर चर्चा

जनरेटर से अचानक अधिक धुआं निकलने को लेकर मौके पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों का कहना था कि ब्रेक शू में अधिक गरमाहट होने के कारण धुआं निकला होगा।

हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। रेलकर्मियों की जांच के बाद ट्रेन का परिचालन शुरू करा दिया गया।घटना के बाद अवध एक्सप्रेस में सवार यात्रियों ने राहत की सांस ली।

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के झुलसने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। इधर, घटना से संबंधित वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें- त्योहारों पर जमुई के रेल यात्रियों को राहत, मऊ-कोलकाता स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे