निम्न गुणवत्ता के कार्य पर फूटा गुस्सा
रामनगर प्रखंड के कोर्ट बंजरिया गांव के ग्रामीणों ने नल-जल योजना में निम्न गुणवत्ता के कार्य को लेकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आक्रोश प्रकट किया। लोगों का कहना है कि सोनखर पंचायत के वार्ड आठ व नौ के सभी निवासी हैं।
बगहा । रामनगर प्रखंड के कोर्ट बंजरिया गांव के ग्रामीणों ने नल-जल योजना में निम्न गुणवत्ता के कार्य को लेकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आक्रोश प्रकट किया। लोगों का कहना है कि सोनखर पंचायत के वार्ड आठ व नौ के सभी निवासी हैं। यहां मुख्यमंत्री के सात निश्चयों में सुमार हर-घर नल-जल का कार्य वार्ड सदस्य के द्वारा कराया गया था। जिसमें व्यापक रूप से अनियमितता बरती गई है। जिसके कारण कुछ दिन तक पानी चल सका। उसके बाद से हीं आपूर्ति बंद है। कभी पाइप में लीकेज तो, कभी मोटर में समस्या लगी रहती है। प्राक्कलन के अनुसार करीब तीन फीट गहराई में पाइप लगाना है। पर, यहां एक फीट से नीचे खोदाई नहीं की गई है। जिसके कारण वाहनों की आवाजाही से पाइप टूटते फूटते रहते हैं। पाइप व अन्य सामग्री घटिया किस्म का लगाया गया है। साथ हीं गांव के किसी घर के अंदर पाइप लगाया गया है तो, किसी को छोड़ दिया है। करीब एक साल से यह कार्य चल रहा है। पर, आज तक इसका लाभ गांव के लोगों को नहीं मिला। गांव में गरीब, अशिक्षित, अनुसूचित जाति व जनजति के लोग ही रहते हैं। जिनको वार्ड सदस्य कुछ समझता नहीं है। कार्य के बारे में पूछने पर कहता है कि जहां जाना है वहां जाओ मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। इस बाबत ग्रामीणों ने डीएम के साथ अन्य वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर जांच की गुहार लगाई है। प्रदर्शन में बदरी राम, कृष्णा साह, जगरनाथ साह, बेचू राम, विकास कुमार, जालिम मियां, महातम भर, रविन्द्र कुमार, महेश भर, अनेश भर, सुरेश भर नगीना मुसहर, संजय मांझी, हरिराम, सूरज भर, साधु मुसहर, मंजय मांझी, राजेश मुसहर समेत अन्य करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीण शामिल थे।