बेतिया में बोले पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश सिंह, बिहार के विकास के शिल्पकार थे श्रीकृष्ण बाबू
पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश प्रसाद सिंह ने बेतिया में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को आधुनिक बिहार का निर्माता बताया। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

बाजार समिति स्थित निजी होटल में श्रीकृष्ण बाबू की जयंती कार्यक्रम की तैयारी बैठक में भाग लेते पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह व अन्य। जागरण
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Akhilesh Prasad Singh Bettiah: बिहार के नवनिर्माण में राज्य के पहले मुख्यमंत्री सह आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्रीकृष्ण बाबू) की अग्रणी भूमिका रही है।
आगामी 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में आयोजित होने वाली श्रीकृष्ण बाबू की 139वीं जयंती ऐतिहासिक होगी। इसमें चंपारण के लोगों की भूमिका अहम होगी।
यह बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने बेतिया में कहीं। वह स्थानीय लोगों को इस कार्यक्रम का निमंत्रण देने पहुंचे थे।
स्वतंत्रता आंदोलन और विकास में अहम योगदान
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू सच्चे देशभक्त थे और आज हमें उनके पदचिह्नों पर चलने की आवश्यकता है। महात्मा गांधी से प्रभावित होकर वे स्वतंत्रता आंदोलन में कूदे थे और देश की आजादी की लड़ाई के दौरान 8 साल से अधिक समय तक जेल में रहे थे।
उनके कार्यकाल में जमींदारी प्रथा समाप्त कराई गई। इसके अलावा बरौनी रिफाइनरी, बरौनी खाद कारखाना, सिंदरी खाद, बोकारो स्टील प्लांट, कई कॉलेज व इंजीनियरिंग कॉलेज और कोसी प्रोजेक्ट जैसे बड़े कार्य उनके समय में ही शुरू हुए थे। उनके दौर में बिहार को देश का सबसे बेहतर शासित राज्य माना जाता था।
चीनी मिलों के जाल और वर्तमान स्थिति
डॉ. अखिलेश सिंह ने कहा कि बिहार में चीनी मिलों का जाल बिछाने में श्री बाबू की अहम भूमिका रही थी, लेकिन आज उनमें से आधे से अधिक चीनी मिलें बंद हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस जिले से उनका पुराना जुड़ाव रहा है, ऐसे में उन्हें यहां के लोगों से काफी उम्मीदें हैं।
पूर्व विधायक सह ब्रह्मर्षि समाज के संरक्षक प्रकाश राय ने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू किसी खास समाज के नेता नहीं थे, बल्कि समाज के हर वर्ग और निचले पायदान पर खड़े लोगों के नेता थे।
उन्होंने पश्चिमी चंपारण जिले से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के व्यवस्थापक युवा समाजसेवी अभिषेक कुमार राय ने भी सभा को संबोधित करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विनय राय ने की। इस अवसर पर पूर्व विधायक अनिल शर्मा, गप्पू राय, विनय शाही, विनोद पांडे, चुन्नू ठाकुर, भारत भूषण दुबे और विजय ठाकुर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
