शादी के बाद गौना कराकर ससुराल आई दुल्हन, पति ने प्राइवेट पार्ट में डाला तेजाब
एक नई नवेली दुल्हन आंखों में सपने लिए ससुराल पहुंची तो पति ने दहेज के लिए ताने देना शुरु किया और बात इतनी बढ़ गई कि क्रूर पति ने पत्नी के प्राइवेट पार ...और पढ़ें

पटना [जेएनएन]। आंखों में हसीन सपने लिए एक नई-नवेली दुल्हन शादी के बाद गौना कराकर ससुराल लाई। पति का प्यार ससुराल वालों का स्नेह मन में लिए वह भी अपने अरमानों की उंची उड़ान थामकर सुखद भविष्य के सपने देख रही थी, लेकिन उसे क्या पता था? उसके ख्वाब पर ग्रहण लग जाएगा और उसके साथ इतनी हैवानियत होगी।
18 साल की चांदनी ने भी सपने देखे थे कि होने वाला पति उसे अपनी जान से भी ज्यादा प्यार करेगा। उसके सारे अरमान पूरे होंगे और पति दुख के वक्त मजबूत सहारा बनेगा, लेकिन ऐसा उसकी किस्मत में न था। जिस पति ने मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बनाया था, उसी ने उसे जिंदगी भर न भूलने वाला जख्म दे दिया।
बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के बगहा के बनकटवा मुहल्ले में मंगलवार को यह घटना घटी। चार दिन पहले ही पति ललन गोंड चांदनी को गौना कराकर अपने घर लाया था। उसे शिकायत थी कि ससुराल से मन मुताबिक दहेज नहीं मिला। दहेज के चलते मंगलवार को चांदनी से झगड़ा करने लगा।
पति-पत्नी की नोकझोंक से शुरू हुए झगड़े ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और ललन ने बेरहमी से चांदनी को पीट दिया। पति के हाथों मार खाने के बाद चांदनी अपनी किस्मत पर रो रही थी, लेकिन ललन का गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ था।
ललन तेजाब लेकर आया और पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर डाल दिया। नाजुक अंगों पर तेजाब पड़ते ही चांदनी दर्द के मारे चीखने लगी। चांदनी की आवाज सुन आसपास के लोग जुटे। तेजाब से चांदनी गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।
ग्रामीणों ने चांदनी को बगहा के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज चल रहा है। चांदनी के पिता बिशम्भर पंडित की शिकायत पर बगहा नगर थानाध्यक्ष अयूब ने केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ललन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।