एक दूजे के हुए 15 जोड़े वर-वधू
हरिवाटिका शिव मंदिर विवाह समिति के तत्वावधान में लगातार 9वीं बार सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया।
बेतिया । हरिवाटिका शिव मंदिर विवाह समिति के तत्वावधान में लगातार 9वीं बार सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें पंद्रह जोड़े वर-वधू हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए। इसकी तैयारी विगत एक माह से चल रही थी। विवाह स्थल हरिवाटिका शिव मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। बराती और अतिथियों के सत्कार में कोई कमी नहीं हो इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा था। अध्यक्ष रामानंद यादव के नेतृत्व में पंद्रह रथ पर सवार दूल्हे बैंड बाजा के साथ शिव मंदिर प्रागंण से होते हुए हरिवाटिका चौक, मुफस्सिल थाना के रास्ते वसंत बिहार पहुंचे। वहां से स्टेशन चौक होते हुए समाहरणालय, बस स्टैंड होते पुन: शिव मंदिर प्रागंण पहुंची। जहां पर विवाह कार्यक्रम को वैदिक मंत्रोच्चारण से संपन्न कराया गया। समिति की ओर से महाभोज का भी आयोजन किया गया। पूरी तैयारी को लेकर समिति के अध्यक्ष रामानंद यादव की अध्यक्षता में सचिव जितेंद्र कुमार मिश्र, कोषाध्यक्ष रिकु कनौजिया, संरक्षक अनिरूद्ध सिंह, संयोजक राम विनय पांडेय, उप कोषाध्यक्ष भिखारी साह, लेखापाल नंदकिशोर प्रसाद, भंडारा व्यवस्था प्रमुख चंडी प्रसाद, शशि भूषण राय, आकाश कुमार आदि सक्रिय रहे। इनसेट हनुमान आराधना से हुई कार्यक्रम की शुरूआत शिव मंदिर विवाह समिति की ओर से शनिवार को आयोजित सामूहिक विवाह का शुभारंभ गणेश वंदना से हुई। मुंबई से अविनाश कुमार की गणेश वंदना टीम कार्यक्रम का संचालन किया। उसके बाद हनुमान आराधना का आयोजन किया गया। पूरे दिन हनुमान आराधना राष्ट्रीय मानस व्यास आचार्य सुदामा दूबे व केंद्रीय टीम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में हनुमान आराधना की गई। इसके बाद संध्या में विवाह कार्यक्रम किया गया।
इनसेट एक नजर में
अब तक हुई शादियां हरिवाटिका शिव मंदिर विवाह समिति की ओर से सर्वप्रथम सामूहिक विवाह का आयोजन वर्ष 2011 में की गई थी। इसमें छह जोड़ियां शामिल हुई थी। 2012 में 11 जोड़ियां, 2013 में 15 जोड़े, 2014 में 15जोड़े, 2015 में 15 जोड़े, 2016 में 17 जोड़े, 2017 में 15 जोड़े, 2018 में 15 जोड़े की शादियां हुई थी वहीं 2019 में 15 जोड़े दांपत्य सूत्र में हमेशा के लिए बंध गए।
इनसेट
सांसद ने वर-वधू को दिया आशीष
पश्चिम चंपारण के सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल हरिवाटिका शिव मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह महोत्सव में पहुंचे। उन्होंने आयोजन कमेटी को विगत नौ वर्ष से सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर बधाई दी वही आयोजन समिति की ओर से सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया इसके उपरांत सांसद ने नव दंपती को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में काफी संख्या में भीड़ थी।