पश्चिम चंपारण में भूख लगी तो बच्चों ने खुद बनाई खिचड़ी, मैगी और कुरकुरे मिलाकर खाए, 13 बीमार
पश्चिम चंपारण के बगहा में खिचड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के 13 बच्चे बीमार पड़ गए। फूड प्वाइजनिंग ...और पढ़ें

बीमार बच्चों का चल रहा इलाज।
HighLights
बगहा में खिचड़ी खाने से 13 बच्चे बीमार पड़े।
फूड प्वाइजनिंग की आशंका, अस्पताल में इलाज जारी।
बच्चों ने मैगी, कुरकुरे मिलाकर बनाई थी खिचड़ी।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण) । भैरोगंज थाना क्षेत्र के मसहवा गांव में खिचड़ी पार्टी के बाद एक ही परिवार के 13 बच्चे बीमार पड़ गए। खिचड़ी खाने के कुछ देर बाद बच्चों को उल्टी और दस्त होने लगे। इसकी सूचना मिलते ही स्वजन घबरा गए और आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया।
एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के अस्पताल पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में चिकित्सकों, जीएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी बच्चों का उपचार शुरू किया।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद बच्चों के बीमार होने की वजह फूड प्वाइजनिंग होने की आशंका जताई है। सभी बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है।
चिकित्सक डॉ राजेश कुमार ने बताया कि उपचार के बाद बच्चों की स्थिति में पहले की अपेक्षा सुधार हुआ है। हालांकि, एहतियात के तौर पर सभी बच्चों पर नजर रखी जा रही है।
तबीयत खराब होने वाले बच्चों में मुकेश कुमार (15), गीतांजलि कुमारी (7), शिल्पा कुमारी (10), पिंकी कुमारी (12), लक्की कुमारी (8), अंजली कुमारी (3), सलोनी कुमारी (8), सिनू कुमार (3), प्रीति कुमारी (10), लक्की कुमार (3), शीतल कुमारी (6), मनीषा कुमारी (12) और राहुल कुमार (8) शामिल हैं।
घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। एक साथ 13 बच्चों के बीमार होने की घटना को लेकर स्वजन परेशान हैं। घटना के बाबत बताया जाता है कि घर में खाना नहीं बना था।
भूख लगने पर बच्चों ने खुद खिचड़ी बनाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि खिचड़ी में दाल, चावल, नमक के साथ मैगी, कुरकुरे और चिप्स भी मिला दिए गए थे। इसे खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल सभी बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।
