गांवों का विकास कर ही देश को बनाया जा सकता विकसित : मंत्री
गांव के विकास के बिना देश का विकास सम्भव नहीं है। आज आवश्यकता है कि गांवों को विकसित बनाने की पहल की जाय ताकि देश विकसित हो सके। यदि ग्रामीण क्षेत्र का विकास होगा तो इससे यहां रहने वाले लोगों को रोजगार के साधन भी मिलेंगे। ये बातें परिवहन मंत्री सन्तोष कुमार निराला ने कही।
संवाद सहयोगी, महनार :
गांव के विकास के बिना देश का विकास सम्भव नहीं है। आज आवश्यकता है कि गांवों को विकसित बनाने की पहल की जाय ताकि देश विकसित हो सके। यदि ग्रामीण क्षेत्र का विकास होगा तो इससे यहां रहने वाले लोगों को रोजगार के साधन भी मिलेंगे। ये बातें परिवहन मंत्री सन्तोष कुमार निराला ने कही। वे महनार प्रखंड के हसनपुर बघनोचा गांव में सरोज सेवा संस्थान के द्वारा आयोजित सेमिनार को सम्बोधित कर रहे थे। मंत्री ने इस दौरान लोगों से परिवहन विभाग नियमों का पालन कर अपने और दूसरों के जीवन बचाने में सहयोग करने की अपील की।
सेमिनार का उद्घाटन परिवहन मंत्री, एनसीसी बिहार झारखंड के उप महानिदेशक ब्रिगेडियर तुषार मिश्रा, एलएस कॉलेज मुजफ्फरपुर के प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश राय, पूसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ देवेंद्र प्रसाद सिंह, पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नवल किशोर चौधरी, दानापुर कैंट के भर्ती पदाधिकारी कर्नल राजगोपाल, कर्नल रामानुज सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल मनमोहन ठाकुर आदि लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
पूसा विश्वविद्यालय के डॉ देवेंद्र प्रसाद सिंह ने उपस्थित किसानों को कृषि के क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन कर रहे लेफ्टिनेंट कर्नल मनमोहन ठाकुर ने कहा कि आज शिक्षा का निजीकरण गरीबों के लिए अभिशाप बन गया है। इस परिस्थिति में देहाती क्षेत्र के बच्चों को सही शिक्षा नहीं मिलने से बेरोजगारी दिनों दिन बढ़ती जा रही है। मनमोहन ने कहा कि वे खुद इस समस्या को अपने जीवन में झेलकर आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उक्त विकराल समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए आज वह समाज के गरीब असहाय बच्चों को मुफ्त शिक्षा, कोचिग की सुविधा उपलब्ध कराने का काम किया है। कार्यक्रम में संस्थान के बच्चों द्वारा लघु नाटिका, गीत -संगीत, नृत्य आदि का भव्य प्रस्तुति दी गयी। इस कार्यक्रम में शामिल राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अवधेश सिंह, डॉ. मनोज कुमार,सुयोग कुमार, मनीष कुमार,डॉ वीरमणि राय,भावना वर्मा, उदय प्रसाद सिंह रेडक्रॉस सोसाइटी मुजफ्फरपुर, संस्था सचिव रघुनाथ राय, रामचंद्र पंडित आदि ने मनमोहन ठाकुर के कार्यो की सराहना की।