पेट दर्द की शिकायत ले पटना आई वैशाली की महिला निकली कोरोना पॉजिटिव, ट्रेवल हिस्ट्री से राजधानी में मचा हड़कंप
बड़े दिनों बाद एकबार फिर वैशाली से कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। बिदुपुर प्रखंड की एक महिला के संक्रमित होने से जिला फिर चर्चा में आ गया है।
वैशाली, जेएनएन। जिले में एकबार फिर कोरोना वायरस का पॉजिटिव मरीज मिला है। बिदुपुर प्रखंड की 45 वर्षीय महिला के संक्रमित होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन फिर सतर्क हो गया है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान पटना में इस महिला की कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। बड़ी बात ये है कि तबीयत खराब होने पर महिला चार-पांच दिन पहले ही पटना गई थी। आइजीआइएमएस में इलाज के लिए जाने से पहले उसने पटना में कहां-कहां जांच कराई, प्रशासन इसका पता लगाने में जुट गया है। महिला के पॉजिटिव होने के बाद अब जिले से मिले कुल संक्रमित की संख्या दो हो गई है। जिसमें एक युवक की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग से सूचना मिलते ही प्रशासन ने शनिवार की आधी रात ही पीड़ित के वार्ड को सील कर दिया है। उक्त महिला के संपर्क में रहे परिवार के 16 सदस्यों को हाजीपुर के होटल फन पॉइंट रिसोर्ट में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रात को ही लाया गया है। देर रात को महिला को भी हाजीपुर के अंजानपीर के समीप के निजी अस्पताल श्री हॉस्पिटल में आइसोलेट किया है।
पेट दर्द की शिकायत पर आई थी पटना
बताया जा है कि महिला के परिवार में आटा चक्की भी है। महिला का पति दांत के कैंसर से पीड़ित है। पीड़िता को खुद पेटदर्द की शिकायत थी और उसी का इलाज कराने वे पटना गई थी। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस दौरान उसके संपर्क में आये सभी लोगों को ट्रेस कर रही है।
पॉजिटिव का इलाका कंटेन्मेंट घोषित
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शैलेन्द्र चौधरी ने बताया कि महिला मरीज जिस क्षेत्र से हैं उस क्षेत्र को पूरी तरीके से कंटेंमेंट जोन घोषित करते हुए बैरिकेडिंग की तैयारी की जा रही है। महिला बिदुपुर प्रखंड की अमेर पंचायत की रहने वाली है। ग्रामीण सूत्रों से यह भी जानकारी मिल रही है कि उसके पति भी किसी गंभीर बीमारी से लंबे समय से पीड़ित हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।