वैशाली में पेड़ से बांधकर पीटा और सिर मुंडवाया; 10 दिन बाद महिला ने 2 चेन स्नेचर को पहचाना तो भीड़ ने दी सजा
हाजीपुर के नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में ग्रामीणों ने दो चेन स्नैचरों को पकड़कर पीटा और उनके बाल मूंड दिए। पुलिस ...और पढ़ें
HighLights
हाजीपुर में ग्रामीणों ने दो चेन स्नैचरों को दबोचा।
आरोपियों को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई की गई।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर चोरी का आभूषण बरामद किया।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। राजापाकड़ प्रखंड क्षेत्र की नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के रामचंद्र चौक पर ग्रामीणों ने दो चेन स्नेचर को दबोच लिया।
उसे शीशम के पेड़ से बांधने के बाद जमकर पिटाई कर दी। दोनों के बाल मूड़ दिए। एन वक्त पर पुलिस पहुंच गई वरना झपटमार भीड़ के आक्रोश का शिकार हो जाता।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान कपूरचंद पासवान के बेटे विजय कुमार और अमरनाथ पासवान के बेटे करण कुमार के रूप में बताई। ये धर्मपुर वार्ड-12, पंचायत रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई के हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
बदमाशों का पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार 4 सितंबर को बाइक सवार दो बदमाशों ने इसी चौक के पास के निवासी अशोक पंडित की पत्नी सरोज देवी का चेन झपट लिया था।
बेलकुंडा जाने का रास्ता पूछने के बहाने गले से दो भर सोने का जितिया छीनकर वे फरार हो गए थे। संयोग से वही दोनों बदमाश सोमवार को पल्सर बाइक से उसी रास्ते से गुजर रहे थे।
पीड़ित महिला ने उन्हें पहचान लिया और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने दोनों को बाइक सहित पकड़ लिया और रामचंद्र चौक पर पेड़ से बांधकर पिटाई शुरू कर दी।

दुकानदार के पास से बरामद हुआ आभूषण
ग्रामीणों की सख्ती से पूछताछ में एक आरोपी ने स्वीकार किया कि उसी ने जितिया छीनी थी और रानी पोखर चौक स्थित एक सोना-चांदी दुकानदार के पास 5 हजार रुपये में बेच दिया था।
उसके बताए पते पर गांव के पांच लोग उक्त दुकान पर गए और चोर से बात कराई, जिसके बाद दुकानदार ने भी बात स्वीकार कर ली और महिला के दोनों जितिया वापस कर दिए।
घटना की सूचना पर महुआ थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने 112 की टीम को मौके पर भेजा, जिसने दोनों आरोपियों को भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
