वैशाली के राघोपुर पुल की मांग पर उग्र प्रदर्शन, सड़क जाम कर जलाए टायर; 3 घंटे तक ठप रहा आवागमन
वैशाली के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रुस्तमपुर में गंगा नदी पर पीपा पुल का निर्माण न होने से आक्रोशित लोगों ने ...और पढ़ें

सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन
HighLights
रुस्तमपुर में गंगा नदी पर पीपा पुल निर्माण न होने से गुस्सा।
ग्रामीणों ने सड़क जाम कर टायर जलाए, आवागमन ठप।
पीपा पुल के साथ स्थायी पुल बनाने की भी मांग।
जागरण संवाददाता, राघोपुर(वैशाली)। वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रुस्तमपुर में गंगा नदी पर पीपा पुल का निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार सुबह आक्रोशित लोगों ने रुस्तमपुर लोहा पुल के पास सड़क जाम कर टायर जलाए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन लगभग 11:30 बजे तक चला। इस दौरान करीब साढ़े तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।
सड़क पर टायर जलाकर किया प्रदर्शन
पीपा पुल निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रुस्तमपुर लोहा पुल के पास सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया।
मौके पर पहुंची रुस्तमपुर थाने की पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। पुलिस पदाधिकारियों के सामने भी लोगों ने नारेबाजी की और जल्द से जल्द पीपा पुल का निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई।
सैकड़ों वाहन जाम में फंसे, सड़क पर लगी लंबी कतार
सड़क जाम का असर रुस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन की ओर जाने वाली सड़क और रुस्तमपुर-वीरपुर मुख्य मार्ग पर पड़ा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दोपहिया और तीनपहिया वाहनों से लेकर कार, ट्रैक्टर और ट्रकों तक की आवाजाही प्रभावित हुई। घंटों जाम रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे हो गए कि पैदल आने-जाने में भी लोगों को दिक्कत हुई।
नौकरीपेशा लोगों से लेकर छात्रों तक को परेशानी
जाम के कारण राघोपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों से पटना, फतुहा और हाजीपुर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
इसके अलावा पटना और हाजीपुर से राघोपुर प्रखंड, अंचल और बीआरसी कार्यालय आने वाले कर्मचारी, स्वास्थ्यकर्मी और शिक्षकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
अक्टूबर बीतने को, अब तक शुरू नहीं हुआ पीपा पुल
प्रदर्शन कर रहे धर्मेंद्र कुमार, रंजन कुमार, श्रवण कुमार, अर्जुन कुमार, विशाल कुमार, भूषण कुमार और मनीष कुमार समेत अन्य लोगों ने कहा कि रुस्तमपुर गंगा नदी पर हर साल पीपा पुल का निर्माण कराया जाता था।
लेकिन वर्ष 2026 में अक्टूबर महीना बीतने को है और अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पटना जाने के लिए कई किलोमीटर घूमने की मजबूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपा पुल नहीं होने के कारण रुस्तमपुर समेत दर्जनों गांवों के लोगों को पटना जाने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय कर सिक्स लेन पुल से होकर जाना पड़ता है।
इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। कच्ची दरगाह बाजार जाने वाले लोगों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी रोजमर्रा के कामों में परेशानी उठानी पड़ रही है।
पीपा पुल के साथ स्थायी पुल बनाने की भी मांग
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि रुस्तमपुर में गंगा नदी पर पीपा पुल का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए। साथ ही, भविष्य में आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए एक छोटे स्थायी पुल का निर्माण भी कराया जाए।
लोगों का कहना है कि इससे राघोपुर क्षेत्र के गांवों का संपर्क बेहतर होगा और पटना आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
एक दिन पहले भी हुआ था सड़क जाम
गौरतलब है कि पीपा पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को भी लोगों ने कच्ची दरगाह की मुख्य सड़क जाम की थी। सरकार की ओर से कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का निर्माण कराया गया है, जिसका इस्तेमाल लोग आवागमन के लिए करते हैं।
हालांकि, स्थानीय लोगों के मुताबिक रुस्तमपुर में पीपा पुल उनके लिए अधिक सुविधाजनक है। अब लोगों की मांग है कि प्रशासन और सरकार इस समस्या पर जल्द ध्यान दें, ताकि हर साल आवागमन को लेकर होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
