वैशाली पुलिस में बड़ा फेरबदल: 4 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, संतोष रजक बने महनार के थानाध्यक्ष
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने वैशाली जिले में दो थानाध्यक्षों सहित चार पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
-1791256511774_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने वैशाली में चार पुलिस अधिकारियों को बदला।
कुमार संतोष रजक बने महनार के नए थानाध्यक्ष।
कुमारी बबीता को महिला थाने की कमान सौंपी गई।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने वैशाली जिले के दो थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी है। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में सभी पदाधिकारियों को अविलंब अपने नव पदस्थापना स्थल पर योगदान देकर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार संतोष रजक जो वर्तमान में अंचल पुलिस निरीक्षक राघोपुर के पद पर तैनात थे, उन्हें महनार थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, चुनाव कोषांग गोपनीय शाखा में तैनात पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को अंचल पुलिस निरीक्षक राघोपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रभारी अभियोजन कोषांग एवं अतिरिक्त प्रभार कोर्ट सुरक्षा में तैनात पुलिस निरीक्षक यशोदानंद पांडे को नगर पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा महुआ थाना अनुसंधान इकाई में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी बबीता को महिला थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
महनार थानाध्यक्ष हुए थे सस्पेंड
गौरतलब है कि बीते दिनों महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह को वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा निलंबित कर दिया गया था।
निलंबन के बाद से ही महनार थानाध्यक्ष का पद पिछले कई दिनों से रिक्त चल रहा था। जिसके बाद अब नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है।
इसी प्रकार महिला थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी को एक ऑडियो वायरल होने के मामले में निलंबित किया गया था। उनके निलंबन के बाद से महिला थाने में भी थानाध्यक्ष का पद खाली था। अब कुमारी बबीता को महिला थाना की कमान सौंपी गई है।
एसएसपी द्वारा किए गए इस फेरबदल को जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- कौन हैं IPS प्रीता वर्मा, जिन पर सम्राट सरकार ने फिर जताया भरोसा; अगले आदेश तक रहेंगी बिहार की कार्यवाहक DGP
