विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क है खराब तो 'वैशाली पथ प्रहरी एप' पर करें शिकायत, 24 घंटे में एक्शन लेगा प्रशासन

Published: Sun, 16 Aug 2026 03:54 PM (GMT+05:30)

स्वतंत्रता दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने वैशाली पथ प्रहरी ऐप का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने वैशाली पथ प्रहरी ऐप का शुभारंभ किया।

  2. नागरिक सड़क समस्याओं की रिपोर्ट कर सकेंगे, 24 घंटे में कार्रवाई।

  3. यह ऐप सड़क सुरक्षा में जनभागीदारी को मजबूत करेगा।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री निशांत ने वैशाली पथ प्रहरी एप का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी वर्षा सिंह की पहल एवं निर्देशन में शुरू की गई यह डिजिटल पहल सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, सड़क संबंधी समस्याओं के त्वरित संज्ञान एवं समयबद्ध समाधान तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन का प्रयास है।

वैशाली पथ प्रहरी एक अंब्रेला एप्लीकेशन के रूप में काम करेगा। इसके माध्यम से आम नागरिक सड़क से जुड़ी समस्याओं और दोषों की सूचना एक ही मंच पर प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। सड़क में गड्ढा, सड़क क्षतिग्रस्त होना, किसी तरह का अवरोध, खतरनाक स्थान अथवा सड़क सुरक्षा से जुड़ी अन्य समस्या की सूचना आसानी से दर्ज कराई जा सकेगी।

एप पर प्राप्त सूचनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। रिपोर्ट किए गए सड़क दोष पर 24 घंटे के भीतर पहली प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, जबकि संबंधित विभाग द्वारा 48 घंटे के भीतर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे सड़क संबंधी समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेने, संबंधित विभाग तक सूचना पहुंचाने और कार्रवाई की निगरानी को प्रभावी बनाया जा सकेगा।

दुर्घटना की स्थिति में भी वैशाली पथ प्रहरी के माध्यम से त्वरित सूचना उपलब्ध होने से संबंधित तंत्र को शीघ्र सक्रिय करने में सहायता मिलेगी। इससे रिस्पांस टाइम कम करने और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकेगी।

हर नागरिक बनेगा पथ प्रहरी

यह डिजिटल व्यवस्था नागरिकों, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय का माध्यम बनेगी। प्राप्त प्रत्येक सूचना को संबंधित विभाग तक पहुंचाते हुए उसके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की निगरानी की जाएगी।

वैशाली पथ प्रहरी केवल डिजिटल एप्लीकेशन नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा में जनभागीदारी मजबूत करने की पहल है। इसके माध्यम से वैशाली का प्रत्येक नागरिक पथ प्रहरी की भूमिका निभाते हुए अपने आसपास सड़क से जुड़ी समस्याओं की सूचना प्रशासन तक पहुंचा सकेगा और सुरक्षित सड़क व्यवस्था के निर्माण में योगदान दे सकेगा।

यह भी पढ़ें- विदेशी फंड की निगरानी जरूरी, FCRA संसोधन बिल में स्पष्टता का अभाव: प्रहरी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार