होर्मुज में मिसाइल अटैक के बाद बिहार का बेटा लापता, 5 दिन बाद परिजन ने कर दिया अंतिम संस्कार
वैशाली जिले का एक युवक होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज पर हुए मिसाइल हमले के बाद लापता है। परिजन प्रतीकात्मक अंतिम ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। 12 सितंबर की देर रात होर्मुज जलडमरूमध्य (ओमान तट) के बीच समुद्री जहाज पर हुए मिसाइल हमले में वैशाली जिले का बेटा लापता है।
स्वजन में मातम पसरा हुआ है। घटना के 5 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है, जिसके बाद गमगीन स्वजन ने पुतला बनाकर प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया है।
12 सितंबर की देर रात हुआ था हमला
मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर राजाराम गांव का है। गांव निवासी सुमित सिंह विदेशी कॉमर्शियल तेल टैंकर जहाज MT EI JIA (IMO-9325336) पर क्रू मेंबर के रूप में तैनात थे।
स्वजन के मुताबिक घटना से 4-5 घंटे पहले सुमित की आखिरी बार बात हुई थी। उसने बताया था कि वह अभी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा है, जो काफी संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए वहां से निकलने के बाद बात करेगा।
लेकिन इसके बाद सुमित का फोन नहीं आया, बल्कि जहाज पर मिसाइल अटैक की खबर आई। बताया गया कि जहाज पर सवार 14 क्रू मेंबर में से 13 को रेस्क्यू कर लिया गया है और सिर्फ सुमित ही लापता है।

(सुमित के बारे में खबर मिलने के बाद गमगीन स्वजन।
सरकार की ओर से अभी तक पुष्टि नहीं
स्वजन का कहना है कि सुमित के साथ काम करने वाले सहयोगी ने बताया कि सुमित अब इस दुनिया में नहीं है और वह इंजन में फंसा हुआ था। लेकिन सरकार की तरफ से आज तक आधिकारिक रूप से कुछ नहीं बताया गया है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अब तक प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक किसी भी अधिकारी या नेता ने परिवार की सुध नहीं ली है।
स्वजन लगातार ओमान दूतावास से लेकर गृह मंत्रालय तक संपर्क कर रहे हैं, लेकिन कहीं से कोई रिस्पांस नहीं मिल रहा है।
बताया जा रहा है कि सुमित शादीशुदा थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिन्हें पता ही नहीं है कि उनके पिता के साथ क्या हुआ है।
सुमित पिछले 5-6 साल से मर्चेंट नेवी में काम कर रहा था और इस जहाज पर वह मई महीने में गया था। स्वजन में कोहराम मचा हुआ है। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने की आशंका से पूरा गांव गमगीन है।
